Punjab
सरसा के खाजाखेड़ा में पुरानी रंजिश के चलते कई लोगों को कार से कुचला, एक की मौत
कई गंभीर, आरोपियों पर केस दर्ज
सरसा (सच कहूँ न्यूज)।इस घटना में एक युवक की मौत हो गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने हत्या और जानलेवा हमले का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव खाजाखेड़ा निवासी 20 वर्षीय सागर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि करीब एक वर्ष पूर्व शादी समारोह में हुई कहासुनी के बाद से गुरूतेग बहादुर कॉलोनी निवासी जसविंद्र उर्फ जस्सू उससे रंजिश रखता था। रविवार शाम को सागर गांव के सरकारी स्कूल के पास एक दुकान पर बैठा था, तभी योगेश, अजय और प्रिंस मोटरसाइकिल पर पहुंचे और उस पर हमला कर दिया। सागर किसी तरह बच निकला, जबकि ग्रामीणों ने एक आरोपी प्रिंस को पकड़ लिया और अन्य फरार हो गए।
शिकायत के अनुसार रात करीब 10 बजे सागर अपने घर के बाहर नाना व पड़ोसियों के साथ खड़ा था। तभी सफेद कार में सवार सूरज, जसविंद्र उर्फ जस्सू और एक अन्य युवक वहां पहुंचे और कार को लोगों की ओर दौड़ा दिया। सागर बच निकला, लेकिन सोनू पुत्र पतराम सिंह, मूर्ति देवी और बलबीर कार की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए। आरोपियों ने कार को दो से तीन बार आगे-पीछे कर लोगों को कुचलने का प्रयास किया और फिर मौके से फरार हो गए। घायलों को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने सोनू को मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों का इलाज जारी है।
पीड़ित पक्ष ने आरोप लगाया कि घायलों को अस्पताल ले जाते समय रास्ते में कुछ अज्ञात बाइक सवारों ने बाधा डालने का प्रयास भी किया। पुलिस ने सागर की शिकायत पर सूरज, जसविंद्र उर्फ जस्सू, योगेश, अजय, प्रिंस और अन्य अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या व जानलेवा हमले सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है।
