Hanumangarh News: पुराने विवाद में घर में घुसकर महिला को चाकू घोंपा

परिवार को दी जान से मारने की धमकी

Published On

हनुमानगढ़। गोगामेड़ी थाना क्षेत्र के गांव घेउ में एक महिला पर घर में घुसकर चाकू से हमला करने और मारपीट करने का मामला सामने आया है। गोगामेड़ी थाना पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, मन्नी देवी (63) पत्नी लीलाधर जाट निवासी घेउ ने रिपोर्ट में बताया कि 25 अप्रैल को दोपहर करीब 12 बजे वह अपने घर पर थी। Hanumangarh News

इसी दौरान रामेश्वर पुत्र आशाराम व उसकी पत्नी सुगना वहां आए और गाली-गलौज करते हुए परिवार को जान से मारने की धमकी देकर चले गए। कुछ देर बाद जब मन्नी देवी घर का मुख्य गेट बंद करने जा रही थी, तभी सिंधा उर्फ सुरेन्द्र, उसकी पुत्री पूनम, पत्नी सुमन और पुत्र अजय सहित अन्य लोग घर में घुस आए। आरोप है कि पूनम ने मन्नी देवी पर चाकू से हमला किया, जिससे उसके बाएं हाथ में चोट आई। इसके बाद सभी आरोपियों ने मिलकर मारपीट की। शोर सुनकर मोहल्ले के लोग आने लगे तो आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पीड़िता ने पड़ोसी के फोन से अपने पति को सूचना दी।

आरोप है कि देर शाम आरोपी दोबारा घर के बाहर आकर जान से मारने की धमकी देकर गए। पीड़िता ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ पहले भी उसके पुत्र पर जानलेवा हमले की शिकायत दी जा चुकी है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। मामले में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पूर्व में दर्ज प्रकरण संख्या 73/2026 के क्रॉस केस के रूप में जांच भादरा सीओ संजीव कटेवा को सौंपी गई है। Hanumangarh News

Crime

About The Author

Related Posts