सिंथेटिक ट्रैक खिलाड़ियों के लिये साबित होगा मील का पत्थर : सीएम

Published On

हिसार (संदीप सिंहमार)। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा है कि चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार में स्थित गिरी सेंटर में बना सिंथेटिक ट्रैक खिलाड़ियों के लिए मील का पत्थर साबित होगा। यहां से अभ्यास कर खिलाड़ी राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपने प्रदेश व देश का नाम रोशन करेंगे। वह रविवार हिसार में इस अंतरराष्ट्रीय सिंथेटिक ट्रैक के उद्घाटन करने के बाद उपस्थित लोगों को संबोधित कर रहे थे। इसके बाद मुख्यमंत्री ने विश्वविद्यालय में ही अंतरराष्ट्रीय साइंटिस्ट हॉस्टल का भी उद्घाटन किया। इसके बाद उन्होंने कहा कि 19 वर्ष तक की आयु के खिलाड़ियों के लिए खेलो इंडिया कार्यक्रम संचालित है जिसके बहुत ही सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं।

इससे किशोरावस्था में ही खिलाड़ी अभ्यास करते हुए राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने में कामयाब हो रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि खेलो इंडिया के तहत वर्ष 2021 में आयोजित किए जाने वाले खेलों की मेजबानी हरियाणा करेगा और इसका मुख्य केंद्र पंचकूला होगा। इस खेल महाकुंभ में देशभर से 12 से 15 हजार खिलाड़ी हिस्सा लेंगे । इसमें बीस तरह के इवेंट आयोजित किए जाएंगे।

खेलों के सफल आयोजन में शिक्षा विभाग व खेल विभाग की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है

खेलो इंडिया के तहत नवंबर या दिसंबर में ही प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाता है, लेकिन इस बार कोरोना महामारी के चलते यह संभव नहीं हो पाया। इसलिए अगले वर्ष के लिए इन खेलों की मेजबानी हरियाणा प्रदेश को मिली है। उन्होंने खिलाड़ियों का आह्वान किया कि वे अभी से इसकी तैयारियों में जुट जाएं ताकि इन खेलों में वे बेहतरीन प्रदर्शन कर सकें। इन खेलों के सफल आयोजन में शिक्षा विभाग व खेल विभाग की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि इन खेलों में मेजबानी के साथ-साथ विजेता बनने पर जोर रहेगा। इस अवसर पर लड़कियों की सौ मीटर व लड़कों की चार सौ मीटर की दौड़ भी करवाई गई । इसके अलावा स्वयं मुख्यमंत्री, कुलपति व अन्य अधिकारियों ने भी ट्रैक पर दौड़ लगाई।

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें।

About The Author

Related Posts