समता योग आश्रम के पास अवैध कालोनी में नगर योजनाकार विभाग ने की दिखावे की कार्रवाई, अवैध कालोनी में रजिस्ट्रियां भी होने लगी

Published On

छछरौली (सच कहूं राजेंद्र कुमार)। समता योग आश्रम के पास लगभग सात से आठ एकड़ में काटी जा रही अवैध कालोनी पर कार्रवाई के नाम पर जिला नगर योजनाकार विभाग की तोड़फोड़ की कार्रवाई दिखावा मात्र रही। यहां पर जिस दिन नगर योजनाकार विभाग के दस्ते ने कार्रवाई की उसी दिन यहां पर कालोनी काटने वालों ने कच्ची मिटटी की सड्कों को जेसीबी की सहायता से ठीक कर लिया। यहां तक नगर निगम सीमा में पड़ने वाली इस कालोनी में रजिस्ट्रियां भी होनी शुरु हो गई है। जिससे साबित होता है कि मिलीभगत अवैध कालोनियां काटी जा रही है।

नगर निगम में पड़ने समता योग आश्रम में नेशनल हाइवे पर दादुपुर मोड पर जिस तरह से सात से आठ एकड़ में अवैध कालोनी बना दी गई। इससे नगर योजनाकार विभाग समेत नगर निगम पर सवाल उठने शुरु हो गए है। यहां पर जिस तरह से इतनी करोड़ों रुपये की जमीन पर बिना लाइसेंस लिए कर्मिशयल व रेंजिडेंशियल कालोनी बनाई जा रही है उससे स्पष्ट होता है कि सरकार चाहे अवैध कालोनियों को रोकने के कितने प्रयास कर ले, मगर अधिकारी सरकार की सारी योजनाओं को पलीता लगा कर छोड़ते हैं। यहां पर दादुपुर मोड़ पर छछरौली की जाने वाले रास्ते पर जो कालोनी काटी गई उस पर कुछ दिन पहले ही नगर योजनाकार विभाग ने पीला पंजा चलाया, मगर दिखावे की इस कार्रवाई के बाद जैसे ही नगर योजनाकार विभाग का दस्ता वहां से निकला तो वहां पर अवैध कालोनी काटने वालों ने जेसीबी की सहायता से कच्ची सड़कों में नाममात्र खोदे गए गडढों को भर लिया। यहां तक की इस एरिया में तहसील विभाग ने रजिस्ट्रियां भी कर रहा है। यह भी जांच का विषय है कि आखिर एक ओर विभाग कार्रवाई कर रहें है तो दूसरी ओर रजिस्ट्रियां कैसे हो रही है। इसके लिए नगर निगम से एनओसी की जरुरत होती है। अवैध कालोनी में नगर निगम आखिर कैसे एनओसी जारी कर रहा है।

About The Author

Related Posts