‘अब बरनाला वासियों को सीवरेज की समस्या से मिलेगी पूरी तरह निजात’
सांसद ने 70 करोड़ की लागत वाले सीवरेज प्रॉॅजैक्ट का किया शुभारंभ
हंडियाया/बरनाला (सच कहूँ/जसवीर गहल)। Barnala News: लोकसभा सांसद गुरमीत सिंह मीत हेयर ने बुधवार को हंडियाया कैंचियां में बरनाला शहर के 69 करोड़ से अधिक लागत वाले सीवरेज प्रॉजैक्ट का नींव पत्थर रखा। मीत हेयर ने कहा कि बरनाला में सीवरेज और जल आपूर्ति को बेहतर बनाने के लिए कुल 83 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि 69.55 लाख रुपये केवल सीवरेज के निकासी सिस्टम के लिए खर्च किए जाएंगे और इसके लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद काम शुरू हो गया है। इस प्रॉजैक्ट के तहत बरनाला के विभिन्न इलाकों में 65 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन बिछाई जाएगी, जिससे सीवरेज की कोई समस्या नहीं रहेगी। उन्होंने कहा कि करोड़ों रुपये के फंड बरनाला के विकास कार्यों के लिए जारी करने के लिए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान का धन्यवाद किया।
उन्होंने बताया कि जहाँ सड़कों का नवीनीकरण किया जा रहा है, वहीं सड़कें चौड़ी (10 से 18 फीट) भी की जा रही हैं। इसके अलावा 300 करोड़ रुपये केवल जल सिंचाई विभाग के माध्यम से लाए गए हैं, जिससे खेतों में पाइपलाइन बिछाई गई हैं। इसके साथ ही नए नालों का निर्माण और पुराने नालों की मरम्मत भी की गई है। उन्होंने दावा किया कि इन उपायों से इलाके में पानी का स्तर और नीचा होने से रोका गया है। उन्होंने कहा कि बरनाला हलके में आने वाले दिनों में और भी प्रोजेक्टों की शुरूआत की जाएगी। इस मौके पर चेयरमैन नगर सुधार ट्रस्ट राम तीर्थ, एक्सईयन सीवरेज बोर्ड एस.एस. ढिल्लों, गुरजीत सिंह, नछतर सिंह, मक्खन सिंह (बलकार कम्बाइन), गुरमैल सिंह और क्षेत्र के गणमान्यजन मौजूद थे।