संगरूर में नाबालिग लड़के की हत्या, बना माहौल तनावपूर्ण, दो के खिलाफ मामला दर्ज

पीड़ित परिवार ने घेरा पुलिस थाना, कथित हत्यारे के घर की तोड़फोड़ 

Sarvesh Kumar Picture
Published On

संगरूर (गुरप्रीत सिंह/नरेश कुमार)। Sangrur News: संगरूर में मंगलवार को उस समय तनावपूर्ण माहौल बन गया जब शहर के एक नाबालिग लड़के की कुछ लोगों ने हत्या कर दी। रोष में आए कुछ लोगों ने कथित हत्यारों के घर में तोड़फोड़ कर दी, और कुछ समूहों ने परिवार के साथ मिलकर सिटी पुलिस थाना का घेराव कर लिया। उन्होंने कहा कि जब तक हत्यारों को गिरफ्तार नहीं किया जाएगा, तब तक वे मृतक का अंतिम संस्कार नहीं करेंगे। पुलिस ने फिलहाल हत्यारों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को लिखित रिपोर्ट में बिक्रमजीत सिंह पुत्र सुुरेन्द्र सिंह निवासी संगरूर ने बताया कि सोमवार की रात उसके 16 वर्षीय पुत्र अर्शदीप सिंह और भतीजे अवनीत सिंह की बुरी तरह पिटाई की गई और किसी नुकीली वस्तु से उसके शरीर पर वार किए गए, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को गंभीर हालत में सिविल अस्पताल संगरूर लाया गया, लेकिन अर्शदीप सिंह हालत अधिक गंभीर होने के चलते उसकी मौत हो गई। वहीं दूसरे घायल अवनीत सिंह को डॉक्टरों ने पटियाला रैफर कर दिया। पुलिस को दर्ज करवाई रिपोर्ट में उन्होंने पटियाला गेट के नजदीक रहने वाले उमर और मुहम्मद नुमान पर आरोप लगाया कि इन्होंने उनके बेटे और भतीजे की बुरी तरह पिटाई की। पुलिस ने उमर और मुहम्मद नुमान के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

इस घटना से रोषित कुछ लोगों ने पटियाला गेट स्थित कथित हत्यारे के घर में घुसकर तोड़फोड़ कर दी, जिससे तनाव का माहौल बन गया। मंगलवार सुबह कुछ समूहों ने परिवार के सदस्यों के साथ मिलकर थाना सिटी संगरूर के सामने धरना शुरू कर दिया। परिवार के सदस्य मांग कर रहे थे कि जब तक हत्यारों को गिरफ्तार नहीं किया जाता, मृतक का अंतिम संस्कार नहीं होगा।

मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला पुलिस प्रमुख संगरूर खुद थाना सिटी पहुंचे और धरना देने वाले समूहों के नेताओं और परिवार के सदस्यों से बातचीत की। उन्होंने परिवार के सदस्यों को भरोसा दिलाया कि पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया है, कथित हत्यारे के करीबी लोगों को हिरासत में ले लिया गया है और जल्द ही हत्यारों को भी गिरफ्तार किया जाएगा। इसके बाद परिवार के सदस्य मान गए और उन्होंने धरना समाप्त करके नाबालिग का अंतिम संस्कार करने पर सहमति दे दी।

About The Author

Related Posts