मसूरी में करोड़ों का सरकारी रिजॉर्ट निजी हाथों में देने की तैयारी, 20 साल के लिए प्राइवेट कंपनी को मिलेगा कब्जा
सरकार को केवल वार्षिक फीस मिलेगी, रिजॉर्ट में ठहरने का पंजाबियों को नहीं मिलेगा कोई फायदा
चंडीगढ़ (सच कहूँ/अश्वनी चावला)। Chandigarh News: उत्तराखंड के पहाड़ों की खूबसूरती में बसे शहर मसूरी में पंजाब सरकार द्वारा करोड़ों रुपये के सरकारी रिजॉर्ट को अब निजी हाथों में सौंपने की तैयारी की गई है। इस संबंध में पंजाब सरकार ने प्राइवेट कंपनियों की तलाश भी शुरू कर दी है। उत्तराखंड के मसूरी में स्थित पंजाब सरकार के 2765 वर्ग मीटर क्षेत्र में फैले सैप्लिंग एस्टेट हॉलिडे रिजॉर्ट को 20 साल के लिए लीज पर देने की योजना बनाई है।
शुरूआत में प्राइवेट कंपनी को इस रिजॉर्ट को संभालने या तैयार करने के लिए कोई भुगतान करने की आवश्यकता नहीं होगी। 12 महीने के भीतर रिजॉर्ट को तैयार करने के बाद ही प्राइवेट कंपनी से वार्षिक फीस के रूप में राशि ली जाएगी। फिलहाल यह तय नहीं किया गया है कि यह फीस कितनी होगी, इसे प्राइवेट कंपनियां खुद तय करेंगी कि वे पंजाब सरकार को कितना भुगतान करने के लिए तैयार हैं। यहाँ विशेष बात यह है कि अगले 20 वर्षों तक इस सैप्लिंग एस्टेट हॉलिडे रिजॉर्ट में पंजाब सरकार या उसके अधिकारियों को किसी भी प्रकार की रियायत या छूट नहीं मिलेगी।
जानकारी के अनुसार, पंजाब सरकार द्वारा अन्य राज्यों की तरह उत्तराखंड के मसूरी में भी यह रिजॉर्ट होटल के रूप में तैयार किया गया था, लेकिन लंबे समय तक देखभाल न होने के कारण इसकी हालत खस्ता हो गई है। इस रिजॉर्ट में 18 कमरे बने हुए हैं, जिनमें दो परिवारों के लिए बड़े कमरे यानी फैमिली विला जैसी सुविधाएँ भी मौजूद हैं। मसूरी में 2765 वर्ग मीटर की भूमि पर स्थित इस रिजॉर्ट को ठीक करने के लिए अब तक किसी भी पंजाब सरकार ने कोई प्रयास नहीं किया।
