अभिषेक की मौत के दोषियों की गिरफ्तारी की मांग, प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन ने सौंपा ज्ञापन

Published On

नेठराना के छात्र अभिषेक शर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला

Nethrana Student Death Case: हनुमानगढ़। गोगामेड़ी थाना क्षेत्र के गांव नेठराना में कक्षा पांच में अध्ययनरत छात्र अभिषेक शर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला गर्माता जा रहा है। इस घटना के बाद सर्व समाज में गहरा रोष और भय का माहौल व्याप्त है। विभिन्न सामाजिक संगठनों की ओर से दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग लगातार उठ रही है। इसी क्रम में प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को अध्यक्ष विजय सिंह चौहान और वरिष्ठ सदस्य आरके त्यागी के नेतृत्व में पुलिस अधीक्षक हरीशंकर को ज्ञापन सौंपा। Hanumangarh News

एसोसिएशन पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि अभिषेक शर्मा की हत्या की गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में यह बात स्पष्ट हो चुकी है कि अभिषेक शर्मा की मौत गला दबाने से हुई है। लेकिन अभी तक आरोपी पुलिस की पकड़ से दूर हैं। उन्होंने कहा कि इस घटना ने न केवल परिवार, बल्कि पूरे समाज को आहत किया है। विद्यालयों में अध्ययनरत बच्चों के अभिभावकों में भी चिंता और असुरक्षा की भावना बढ़ी है। एसोसिएशन पदाधिकारियों ने पुलिस प्रशासन से मांग की कि मामले की गहन एवं निष्पक्ष जांच कर आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार किया जाए तथा उन्हें कठोर दंड दिलाया जाए, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

कार्रवाई नहीं हुई तो समाज में गलत संदेश जाएगा

उन्होंने कहा कि यदि समय रहते दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो समाज में गलत संदेश जाएगा। प्रतिनिधिमंडल ने बच्चों की सुरक्षा को प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी बताते हुए विद्यालयों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और संवेदनशील क्षेत्रों में गश्त बढ़ाने की मांग भी की। पुलिस अधीक्षक की ओर से मामले में त्वरित कार्रवाई का आश्वासन दिया गया। संघ ने चेतावनी दी कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई नहीं होने पर प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन अलग-अलग तहसीलों के माध्यम से विरोध दर्ज करेगा।

इस मौके पर दीपक कश्यप, लोकेश शर्मा, दीदार सिंह, मनोज सोलंकी, रोबिन सिंह, सुधाकर कुमार, सुरेंद्र नागपाल, ओम साईं, रामसिंह, सुमित कुमार मौजूद रहे। गौरतलब है कि 10 फरवरी की शाम को गांव नेठराना से लापता हुए अभिषेक शर्मा पुत्र रजनीश शर्मा का शव उसी रात गांव के मोक्ष धाम के पश्चिम में जोहड़ के पास स्थित एक कुएं में संदिग्ध अवस्था में मिला था। बालक के गले पर चोट के निशान पाए जाने के बाद हत्या की आशंका जताई गई। इस मामले में गोगामेड़ी थाना पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया। Hanumangarh News

About The Author

Related Posts