अजमेर में स्पोर्ट्स स्कूल की मांग तेज, सांसद भागीरथ चौधरी ने CM भजनलाल और खेल मंत्री को लिखा पत्र

अजमेर में स्पोर्ट्स स्कूल बनने की उम्मीद, मुख्यमंत्री को भेजा गया प्रस्ताव

Published On

अजमेर (सच कहूँ न्यूज़)। Ajmer News: केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री तथा स्थानीय अजमेर सांसद  ने अजमेर संभाग में खेल सुविधाओं के विस्तार और युवाओं को बेहतर खेल अवसर उपलब्ध करवाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा एवं खेल मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ को पत्र लिखकर अजमेर में आवासीय स्पोर्ट्स स्कूल की स्थापना की मांग की है।

केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी ने अपने पत्र में उल्लेख किया कि राजस्थान में वर्तमान में बीकानेर स्थित शार्दूल स्पोर्ट्स स्कूल ही प्रमुख आवासीय स्पोर्ट्स संस्थान के रूप में संचालित है, जबकि प्रदेश के विशाल भौगोलिक क्षेत्र और बढ़ती खेल प्रतिभाओं को देखते हुए प्रत्येक संभाग स्तर पर आधुनिक स्पोर्ट्स स्कूलों की आवश्यकता महसूस की जा रही है।  

केंद्रीय मंत्री भागीरथ चौधरी ने कहा कि खेल केवल प्रतियोगिता का माध्यम नहीं, बल्कि युवाओं के शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक विकास का सशक्त आधार है। उन्होंने अपने पत्र में कहा कि अजमेर शिक्षा, साहित्य, संस्कृति एवं भौगोलिक दृष्टि से प्रदेश का महत्वपूर्ण केंद्र रहा है। ऐसे में अजमेर संभाग मुख्यालय पर आवासीय स्पोर्ट्स स्कूल की स्थापना होने से अजमेर सहित नागौर, टोंक, भीलवाड़ा, ब्यावर एवं डीडवाना-कुचामन जिलों की खेल प्रतिभाओं को उच्च स्तरीय प्रशिक्षण, आवासीय सुविधा एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एक साथ उपलब्ध हो सकेगी।

केंद्रीय मंत्री और अजमेर सांसद भागीरथ चौधरी ने मुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री से आग्रह किया कि राज्य सरकार की वर्ष 2026-27 की विभागीय कार्ययोजना में अजमेर संभाग में स्पोर्ट्स स्कूल की स्थापना को प्राथमिकता देते हुए इसकी वित्तीय स्वीकृति जारी की जाए। साथ ही उन्होंने भविष्य में प्रत्येक संभाग मुख्यालय पर स्पोर्ट्स स्कूल स्थापित करने की योजना को “विकसित राजस्थान” के विजन में सम्मिलित करने का भी अनुरोध किया। भागीरथ चौधरी ने विश्वास व्यक्त किया कि राज्य सरकार खेल अवसंरचना के विस्तार की दिशा में सकारात्मक निर्णय लेकर राजस्थान के युवाओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ाने का कार्य करेगी।

Ajmer News

About The Author

Related Posts