ध्रुव मित्तल ने 95 प्रतिशत अंक हासिल कर विद्यालय में किया टॉप
डीएवी स्कूल का सीबीएसई 12वीं परीक्षा में शानदार प्रदर्शन
CBSE 12th Results 2026: हनुमानगढ़। टाउन स्थित डीएवी सेन्टनरी पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने सीबीएसई कक्षा 12वीं परीक्षा 2025-26 में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन किया है। परीक्षा परिणाम घोषित होते ही विद्यालय परिसर में खुशी और उत्साह का माहौल देखने को मिला। विद्यालय के वाणिज्य संकाय के छात्र ध्रुव मित्तल ने 95 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया। Hanumangarh News
वहीं कला संकाय की छात्रा जाह्नवी भाटी ने 92 प्रतिशत अंक अर्जित कर शानदार सफलता प्राप्त की। वाणिज्य वर्ग के छात्र आर्यन गर्ग ने 91 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। कला संकाय की छात्रा प्रतिभा ने 91 प्रतिशत तथा सुखप्रीत कौर ने 90 प्रतिशत अंक हासिल कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया। विज्ञान संकाय के छात्र हेमंत ने भी 90 प्रतिशत अंक प्राप्त कर उल्लेखनीय सफलता दर्ज की। विद्यालय के प्रधानाचार्य परमजीत कुमार ने विद्यार्थियों की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की कठिन मेहनत, शिक्षकों के समर्पित मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है।
उन्होंने कहा कि विद्यालय सदैव विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, अनुशासन और नैतिक मूल्यों के साथ गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध रहा है। प्रधानाचार्य परमजीत कुमार ने कहा कि विद्यार्थियों ने यह सिद्ध कर दिया है कि निरंतर परिश्रम, सकारात्मक सोच और सही दिशा में किया गया प्रयास सफलता का मार्ग प्रशस्त करता है।
उन्होंने इसे विद्यार्थियों के आत्मविश्वास, लगन और शिक्षकों की निष्ठा का प्रमाण बताया। विद्यालय प्रबंधन समिति के चेयरमैन रमेश कुमार लीखा, निदेशक वीके चोपड़ा, प्रबंधक एके शर्मा तथा क्षेत्रीय प्रबंधक सरिता रंजन गौतम ने भी सभी सफल विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। विद्यालय परिवार ने इस शानदार परिणाम को पूरे संस्थान के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताते हुए भविष्य में भी शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन जारी रखने का विश्वास जताया। Hanumangarh News
About The Author