Rajasthan Weather: गर्मी ने मार्च में ही दिखाए तेवर, अधिकतम तापमान सामान्य से 4-8 डिग्री ऊपर

Published On

अगले एक सप्ताह मौसम शुष्क रहने के आसार | Rajasthan Weather

हनुमानगढ़। राजस्थान में मार्च की शुरुआत के साथ ही गर्मी के तेवर तेज होने लगे हैं। राज्य के अधिकांश हिस्सों में इन दिनों न्यूनतम और अधिकतम तापमान सामान्य से काफी अधिक दर्ज किया जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार आगामी एक सप्ताह तक प्रदेश में मौसम शुष्क रहने और तापमान में और बढ़ोतरी होने की संभावना है। मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सर्वाधिक अधिकतम तापमान बाड़मेर में 38.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 6.3 डिग्री अधिक है। प्रदेश के कई जिलों में तापमान सामान्य से 4 से 8 डिग्री सेल्सियस ऊपर बना हुआ है।

मौसम विभाग के अनुसार वर्तमान में गुजरात और उससे सटे अरब सागर क्षेत्र के ऊपर एक प्रति चक्रवाती (एंटी साइक्लोनिक) परिसंचरण तंत्र बना हुआ है। इसी के प्रभाव से प्रदेश में बादलों की गतिविधि कम है और मौसम शुष्क बना हुआ है। मौसम विभाग का अनुमान है कि आगामी एक सप्ताह तक प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा और तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक और बढ़ोतरी हो सकती है। वहीं दक्षिण-पश्चिमी राजस्थान के कुछ इलाकों में 8 से 10 मार्च के बीच अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना जताई गई है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि मार्च के पहले सप्ताह में ही तापमान में तेज बढ़ोतरी से दिन के समय गर्मी का असर बढ़ेगा। ऐसे में लोगों को दोपहर के समय धूप से बचाव करने और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी गई है। Rajasthan Weather

About The Author

Related Posts