Theft News: नई धान मंडी में दुकान का ताला तोड़कर चुराए हजारों रुपए
मारपीट व जातिसूचक गालियां देने का भी आरोप, तीन नामजद सहित अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज
हनुमानगढ़ (हरदीप सिंह)। टाउन की नई धान मंडी में दुकान का ताला तोड़कर नकदी व सामान चोरी करने, विरोध करने पहुंचे व्यक्ति से मारपीट करने तथा जातिसूचक गालियां देकर जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। टाउन थाना पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर तीन नामजद सहित अन्य के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस को दी रिपोर्ट में नवनीत (50) पुत्र बालकिशन अग्रवाल निवासी वार्ड नंबर 22, टाउन ने बताया कि नई धान मंडी में दुकान नंबर 70-ए व 70-बी उसके और उसके भाई मोतीलाल के नाम संयुक्त रूप से हैं। दोनों दुकानों का आकार 15 गुणा 130 फीट है। परिवादी के अनुसार 27 मार्च 2026 को दुकान नंबर 70-ए का बेचान सपना सोनी व सोनू सोनी के नाम कर दिया गया था, लेकिन दुकान का भौतिक कब्जा उन्हें नहीं सौंपा गया था। खरीददारों के पति आनंद सोनी व अरविन्द सोनी ने बकाया 63 लाख रुपए का भुगतान करने के बाद ही दुकान का कब्जा लेने की बात कही थी।
रिपोर्ट के अनुसार 19 नवम्बर को तरसेम रैगर उगाही के लिए दुकान पर गया तो वहां एक व्यक्ति ताला तोड़ रहा था। मौके पर अरुण सोनी सहित चार-पांच अन्य लोग मौजूद थे। तरसेम ने ताला तोड़ने का विरोध किया तो अरुण सोनी ने उसके साथ जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए गाली-गलौज की तथा थप्पड़-मुक्कों से मारपीट कर हड्डी-पसली तोड़ने की धमकी दी। तरसेम ने घर पहुंचकर परिवादी के पुत्र रमित को घटना की जानकारी दी। इसके बाद रमित मौके पर पहुंचा और ताला तोड़ने की वीडियो बनाने लगा। इस पर अरुण सोनी ने किसी को वीडियो कॉल कर रमित का फोन तोड़ने अथवा उसे नुकसान पहुंचाने की बात कही। इससे डरकर रमित ने वीडियो बनाना बंद कर दिया।
अरुण सोनी ने रमित को भी डराया-धमकाया तथा जान से मारने की धमकी दी। शोर सुनकर किशन वर्मा मौके पर पहुंचा। इसके बाद परिवादी नवनीत व उसका भाई मोतीलाल भी वहां पहुंचे। तब तक आरोपी दुकान के अंदर जाकर बाहर आ चुके थे और नया ताला लगाकर चले गए थे। बाद में 70-बी के रास्ते दुकान नंबर 70-ए में जाकर देखा तो गल्ले में रखे 80 हजार 500 रुपए तथा दुकान में रखा सामान गायब मिला।
परिवादी ने आरोप लगाया कि अरुण सोनी, आनंद सोनी व अरविन्द सोनी ने साजिश के तहत दुकान का ताला तुड़वाकर चोरी की तथा तरसेम के साथ जातिसूचक गालियों व मारपीट की घटना को अंजाम दिया। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर भारतीय न्याय संहिता तथा एससीएसटी एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच वृत्ताधिकारी मीनाक्षी कर रही हैं।
Comments