Women Safety Awareness: बालिकाओं को सुरक्षा के प्रति किया जागरूक, मोबाइल में डाउनलोड करवाया राजकॉप सिटीजन एप
जिला पुलिस अधीक्षक बी आदित्य के निर्देशन में महिला सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
RajCop Citizen App: हनुमानगढ़ (सच कहूँ न्यूज़)। जिला पुलिस अधीक्षक बी आदित्य के निर्देशन में महिला कालिका पेट्रोलिंग यूनिट की ओर से शनिवार को टाउन स्थित राजकीय नेहरू मेमोरियल स्नातकोत्तर महाविद्यालय में महिला सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें छात्राओं को महिला सुरक्षा, उनके अधिकारों, आत्मरक्षा के उपायों और आपातकालीन परिस्थितियों में पुलिस सहायता प्राप्त करने की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में कालिका पेट्रोलिंग यूनिट की सदस्य सरोज कुमारी ने छात्राओं को बताया कि वे किसी भी परेशानी के समय यूनिट की टीम से सहायता ले सकती हैं। उन्हें आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर 112 और 100 की जानकारी दी गई।
साथ ही मोबाइल फोन में राजकॉप सिटीजन एप डाउनलोड करवाकर इसकी उपयोगिता समझाई गई, ताकि जरूरत पड़ने पर पुलिस की नागरिक सेवाओं का लाभ लिया जा सके। छात्राओं को समझाया गया कि अकेले जाते समय कोई असामाजिक तत्व परेशान करे तो घबराने के बजाय सतर्क रहें, सुरक्षित स्थान पर पहुंचने का प्रयास करें और जरूरत पड़ने पर आसपास के लोगों या पुलिस से मदद लें। आपात स्थिति में हेयरपिन और सेफ्टी पिन जैसी पास में उपलब्ध छोटी वस्तुओं का इस्तेमाल स्वयं को बचाने के प्रयास में किया जा सकता है।
छात्राओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने तथा किसी भी तरह के उत्पीड़न पर चुप नहीं रहने और समय पर पुलिस को सूचना देने के लिए प्रेरित किया गया। उन्हें बताया गया कि यदि वे अपनी शिकायत मौखिक रूप से बताने में असहज महसूस करती हैं तो कॉलेज में लगी शिकायत पेटिका में लिखित शिकायत डाल सकती हैं।
शिकायतकर्ता बालिका का नाम गोपनीय रखा जाता है। कालिका पेट्रोलिंग यूनिट की सदस्य सरोज कुमारी ने बताया कि महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यूनिट लगातार कार्य कर रही है। इससे बालिकाओं में जागरूकता बढ़ी है और वे निर्भय होकर अपनी समस्याएं बता रही हैं। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं में आत्मविश्वास बढ़ाना और उन्हें विपरीत परिस्थितियों का सतर्कता एवं साहस से सामना करने के लिए तैयार करना है।