शिक्षा और रोजगार
13.80 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) सहित युवक गिरफ्तार
रावतसर पुलिस की गश्त के दौरान कार्रवाई, नीमला निवासी सप्लायर से संपर्क का खुलासा
हनुमानगढ़। रावतसर थाना पुलिस ने गश्त के दौरान कार्रवाई करते हुए 13.80 ग्राम अवैध मादक पदार्थ हेरोइन (चिट्टा) के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस के अनुसार रावतसर थाना के उप निरीक्षक मुकेश कुमार मय जाप्ता बोलेरो सरकारी वाहन से क्षेत्र में गश्त पर थे। इसी दौरान डीडब्ल्यूडी नहर पुलिया के पास एक संदिग्ध व्यक्ति पुलिस वाहन को देखकर पीछे मुड़कर तेज कदमों से भागने लगा। Hanumangarh News
शक होने पर पुलिस ने उसे घेराबंदी कर मौके पर ही पकड़ लिया। पकड़े गए व्यक्ति ने अपना नाम रंगीलाराम (24) पुत्र काशीराम नायक निवासी वार्ड नम्बर 7, रावतसर बताया। तलाशी के दौरान उसकी नीले रंग की लॉअर की जेब से एक पारदर्शी पॉलीथीन में 13.80 ग्राम हेरोइन मिली। आरोपी के पास से कोई लाइसेंस या परमिट नहीं मिला। पुलिस ने मौके पर ही बरामद मादक पदार्थ को सील कर कब्जे में लिया और आरोपी को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह रावतसर में डेंटिंग-पेंटिंग की दुकान चलाता है और करीब 5-7 दिन पहले हरियाणा के नीमला निवासी सुरेश डूडी उर्फ सुरेंद्र डूडी से यह मादक पदार्थ लेकर आया था। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ करीब तीन माह पहले भी चिट्टा का मुकदमा दर्ज हुआ था।।
उस मामले में पुलिस ने उसका मोबाइल फोन जब्त कर लिया था। मामले की जांच रावतसर थाना प्रभारी ईश्वरानन्द कर रहे हैं। पुलिस के अनुसार मामले में आगे की जांच जारी है और सप्लायर की भूमिका की भी जांच की जा रही है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उप निरीक्षक मुकेश कुमार, एएसआई भूराराम, हेड कांस्टेबल मदनलाल, कांस्टेबल सुभाष चन्द्र और रमेश कुमार शामिल रहे। Hanumangarh News