सब्जी मंडी में अवैध अतिक्रमण का आरोप, एसडीएम से कार्रवाई की मांग

समाधान दिवस में गूंजा मंडी अतिक्रमण का मुद्दा

Published On

कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Kairana News: शनिवार को कस्बे के झिंझाना मार्ग पर स्थित सब्जी मंडी के विक्रेताओं ने सम्पूर्ण समाधान दिवस में उपजिलाधिकारी कैराना शिवाजी यादव को शिकायती-पत्र सौंपा है। उन्होंने मंडी में स्थित सरकारी दफ्तरों एवं रास्तों के सामने अवैध रूप के बैठे आढ़तियों को हटाने की मांग की है। पत्र में बताया कि मंडी में वर्षों से सब्जी विक्रेता अपना कारोबार कर रहे हैं। हाल ही में कुछ लोगों ने नए लाइसेंस प्राप्त करके सरकारी दफ्तरों व सड़क पर अवैध रूप से दुकानें लगानी शुरू कर दी हैं। विक्रेताओं का आरोप है कि इन दुकानों के कारण मंडी का रास्ता बाधित हो रहा है, जिससे पुराने आढ़तियों और किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

आरोप है कि मंडी समिति के अध्यक्ष ने अवैध रूप से बैठे इन लोगों को वहां से हटने के लिए कहा, तो वह झगड़े पर उतारू हो गए। सब्जी विक्रेताओं ने यह भी आरोप लगाया कि कुछ अतिक्रमणकारियों ने अधिकारियों को 'मोटी रकम' देने का दावा करते हुए कार्रवाई न होने की बात कही है। विक्रेताओं ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क और सरकारी दफ्तरों के सामने से अवैध आढ़तियों को हटाया जाए। इससे मंडी में आने वाले किसानों और व्यापारियों को सुचारु रूप से कारोबार करने में सुविधा होगी। पत्र पर मारूफ, जमील, शकील, दिलशाद, नौशाद, अनीस, शोएब आदि के हस्ताक्षर अंकित है। वहीं, उपजिलाधिकारी ने आढ़तियों को उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

Kairana News (1)

About The Author

Related Posts