विकास के दम पर भाजपा फिर बनाएगी सरकार, विपक्ष तुष्टिकरण की राजनीति में उलझा: डॉ. दिनेश शर्मा
मुज़फ्फरनगर (सच कहूं/कोमल प्रजापति)। Muzaffarnagar News: पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सांसद दिनेश शर्मा ने कहा कि उत्तर प्रदेश में आज विकास ही सबसे बड़ी राजनीतिक भाषा बन चुका है, जबकि विपक्षी दल तुष्टिकरण की राजनीति के पाप से आच्छादित होकर अपना जनाधार बचाने की जद्दोजहद में लगे हैं।
भाजपा नेता पुनीत वशिष्ठ के आवास पर आयोजित प्रेस वार्ता में डॉ. शर्मा ने कहा कि मेरठ-मुज़फ्फरनगर क्षेत्र सहित पूरे पश्चिमी उत्तर प्रदेश में विकास की नई तस्वीर दिखाई दे रही है। उन्होंने कहा कि एक समय दिल्ली से मुज़फ्फरनगर पहुंचने में चार से पांच घंटे लगते थे, लेकिन बेहतर सड़क नेटवर्क और एक्सप्रेस-वे के कारण अब यह दूरी महज डेढ़ से दो घंटे में पूरी हो रही है। यह प्रदेश में तेजी से हो रहे बुनियादी विकास का प्रमाण है।
उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों की पहचान कभी अपराध, गैंगवार और वैमनस्य से होती थी, वहां आज गंगा एक्सप्रेस-वे जैसे महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट विकास की नई इबारत लिख रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में अभूतपूर्व अवस्थापना विकास हुआ है, जिससे व्यापार बढ़ा है और समृद्धि का मार्ग प्रशस्त हुआ है।
विपक्ष पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि सपा, बसपा और कांग्रेस जैसे दल तुष्टिकरण की राजनीति के कारण लगातार जनता का विश्वास खो रहे हैं। सनातन विरोधी मानसिकता रखने वाले दलों को जनता लगातार सबक सिखा रही है और आने वाले समय में उनका राजनीतिक संकट और गहराएगा।
डॉ. शर्मा ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह केवल एक बिरादरी के नेता नहीं थे, बल्कि सर्वसमाज के मसीहा थे। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी दलों ने चौधरी चरण सिंह, चन्द्रशेखर और देवीलाल जैसे नेताओं के साथ भी राजनीतिक विश्वासघात किया।
ईवीएम पर उठ रहे सवालों को खारिज करते हुए उन्होंने कहा कि यदि विपक्ष को मशीनों पर इतना ही संदेह है तो उन्हें यह भी बताना चाहिए कि बंगाल और उत्तर प्रदेश जैसे राज्यों में दशकों से कांग्रेस सत्ता में क्यों नहीं लौट सकी।
उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा उत्तर प्रदेश में तीन-चौथाई बहुमत के साथ पुनः सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि पिछड़ा वर्ग आयोग को संवैधानिक दर्जा, गरीब सवर्णों को 10 प्रतिशत आरक्षण और बाबा साहेब भीमराव अम्बेडकर के सम्मान से जुड़े ऐतिहासिक कार्य प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में ही संभव हुए हैं।
पेट्रोलियम और गैस आपूर्ति को लेकर उठ रहे सवालों पर उन्होंने कहा कि वैश्विक परिस्थितियों और अंतरराष्ट्रीय संघर्षों के बावजूद भारत मजबूती से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि जैसे देश ने कोरोना काल में संयम और अनुशासन का परिचय दिया था, वैसे ही वर्तमान चुनौतियों का भी धैर्यपूर्वक सामना करना होगा।
इस अवसर पर पूर्व केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान, मंत्री कपिल देव अग्रवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष सुधीर सैनी, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीरपाल निर्वाल, क्षेत्रीय कोषाध्यक्ष अजय भराला, जिला महामंत्री शरद शर्मा, भाजपा नेता पुनीत वशिष्ठ सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

About The Author