Punjab
गाजियाबाद नगर निगम ने ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के क्षेत्र में हासिल की बड़ी उपलब्धि
निगम की उपलब्धि: 15.5 लाख मीट्रिक टन लीगेसी वेस्ट का निस्तारण, हरित क्षेत्र में हुई बढ़ोतरी
गाजियाबाद (सच कहूँ/रविंद्र सिंह )। राजधानी दिल्ली से सटे हॉट सिटी में शुमार शहर गाजियाबाद के नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह के नेतृत्व में गाजियाबाद नगर निगम (जीएनएन ) ने ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए शहर में पर्यावरण सुधार और स्वच्छता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया है। निगम ने पिछले एक वर्ष में 15.5 लाख से अधिक मीट्रिक टन लीगेसी वेस्ट का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण कर लगभग 1.93 लाख वर्गमीटर भूमि को पुनः उपयोग योग्य बना दिया है। नगर निगम द्वारा पुनः प्राप्त इस भूमि के कई हिस्सों में अब हरित विकास की दिशा में कार्य करते हुए मियावाकी पद्धति पर आधारित अर्बन फॉरेस्ट का निर्माण किया जा रहा है। इससे न केवल पर्यावरण संतुलन को मजबूती मिल रही है, बल्कि शहर में हरियाली का दायरा भी लगातार बढ़ रहा है।
निगम ने दो ग्रीनफील्ड वेस्ट प्रोसेसिंग प्लांट विकसित किए
ठोस अपशिष्ट प्रबंधन अवसंरचना को और सुदृढ़ करते हुए गाजियाबाद नगर निगम ने दो ग्रीनफील्ड वेस्ट प्रोसेसिंग प्लांट विकसित किए हैं, जिनमें से एक पूर्ण रूप से स्थापित हो चुका है, जबकि दूसरा अंतिम चरण में है। इन परियोजनाओं के पूर्ण होने के बाद शहर की कचरा प्रसंस्करण क्षमता लगभग दोगुनी हो जाएगी।
इसके अतिरिक्त, हाल ही में पांचवें स्मार्ट ट्रांसफर स्टेशन के उद्घाटन के साथ गाजियाबाद के सभी पांचों जोन अब स्मार्ट ट्रांसफर स्टेशनों से जुड़ चुके हैं। इससे कचरा प्रबंधन प्रणाली अधिक व्यवस्थित, तेज और तकनीकी रूप से सक्षम हुई है। नगर निगम की इन पहलों को शहर के स्वच्छता और पर्यावरण सुधार की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है, जिससे आने वाले समय में गाजियाबाद को और अधिक स्वच्छ एवं हरित शहर के रूप में विकसित करने में मदद मिलेगी।
About The Author