Punjab
स्वास्थ्य संविदाकर्मियों को दो माह से नहीं मिला वेतन, काली पट्टी बांधकर जताया विरोध
दो माह से वेतन न मिलने पर संविदा स्वास्थ्यकर्मियों का विरोध
कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Kairana News: सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर तैनात संविदाकर्मियों ने दो माह से वेतन न मिलने के विरोध में कार्य के दौरान बाजू पर काली पट्टी बांधकर आक्रोश व्यक्त किया। स्वास्थ्य संविदाकर्मियों का विरोध-प्रदर्शन आगामी दो दिनों तक जारी रहेगा। सोमवार को कस्बे के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर तैनात स्वास्थ्य संविदाकर्मी कार्य के दौरान बाजू पर काली पट्टी बांधे नजर आए। उन्होंने उत्तर-प्रदेश राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संविदा कर्मचारी संघ के आह्वान पर काली पट्टी बांधकर आक्रोश व्यक्त किया।
सीएचसी में ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधक के पद पर तैनात उत्तर-प्रदेश राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संविदा कर्मचारी संघ के जिला संगठन मंत्री अतुल गर्ग ने बताया कि संविदा स्वास्थ्यकर्मियों को विगत मार्च व अप्रैल माह का वेतन नही मिला है, जिसके चलते उनके समक्ष जीविकोपार्जन का संकट खड़ा हो गया है। चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग को लंबित वेतन के सम्बन्ध में अवगत कराया जा चुका है, परन्तु कोई संज्ञान नही लिया गया, जिससे प्रदेश की स्वास्थ्य इकाइयों पर तैनात करीब 1.5 लाख संविदाकर्मियों में रोष व्याप्त है।
उन्होंने बताया कि संगठन के निर्देश पर प्रदेशभर के संविदा स्वास्थ्यकर्मियों के द्वारा काम के दौरान बाजू पर काली पट्टी बांधकर विरोध-प्रदर्शन किया गया है। यह प्रदर्शन आगामी 20 मई तक जारी रहेगा। यदि 20 मई तक लंबित वेतन भुगतान नही किया गया तो संविदा स्वास्थ्यकर्मी 21 मई को कार्यस्थल पर उपस्थित रहकर कार्य बहिष्कार करेंगे। इस दौरान जरीफ अहमद, आरिस खान, राजीव कुमार, जुनैद अली, मीनाक्षी, ऋतु, राजीव कुमार, बबीता, जुल्फकार, अरविन्द आदि मौजूद रहे।

About The Author