ईदगाह के विस्तार व सौंदर्यीकरण को लेकर अहम बैठक, 10 सदस्यीय कमेटी गठित

कैराना में ईदगाह सुधार को लेकर बैठक, कमेटी गठित

Sarvesh Kumar Picture
Published On

कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Kairana News: कैराना के ऐतिहासिक ईदगाह में नमाज-ए-दोगाना के दौरान आने वाली समस्याओं के समाधान तथा ईदगाह के सौंदर्यीकरण, विस्तार और मरम्मत को लेकर गुरुवार को एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। यह बैठक चौक बाजार स्थित सराय वाली मस्जिद में तहरीक-ए-मसाजिद के बैनर तले संपन्न हुई, जिसमें शहर के जिम्मेदार और गणमान्य लोगों ने भाग लिया। बैठक की अध्यक्षता जामा मस्जिद के इमाम व खतीब मौलाना ताहिर ने की।

इस दौरान ईदगाह की वर्तमान स्थिति और भविष्य की जरूरतों पर गंभीर चर्चा की गई। ईदगाह के विस्तार, मरम्मत, चारदीवारी की मजबूती और फर्श सुधार जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से विचार-विमर्श हुआ। वक्ताओं ने शहर की बढ़ती आबादी को देखते हुए ईदगाह के विस्तार को अत्यंत आवश्यक बताया। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि ईद के दौरान आने वाली समस्याओं को प्रशासन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के लिए एक सशक्त व्यवस्था बनाई जाए। इसी क्रम में 10 सदस्यीय कमेटी का गठन किया गया, जो जिला व स्थानीय पुलिस प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित करके समस्याओं के समाधान के लिए कार्य करेगी।

ज्ञात हो कि सरकारी निर्देशों के अनुसार मस्जिदों और ईदगाहों के बाहर, विशेषकर सड़कों पर नमाज अदा करने पर प्रतिबंध है, जिसके कारण नमाज-ए-दोगाना के दौरान लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। बैठक के अंत में ईदगाह परिसर में व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्थानीय स्वयंसेवकों की एक टीम बनाने का भी निर्णय लिया गया। साथ ही, जनसहयोग से ईदगाह के सौंदर्यीकरण कार्य कराने पर सर्वसम्मति जताई गई, ताकि यह धार्मिक स्थल और अधिक सुव्यवस्थित व आकर्षक बन सके।

Kairana News

About The Author

Related Posts