शिक्षा और रोजगार
सिकंदरपुर में भाकियू (टिकैत) का किसान संवाद व सदस्यता अभियान, भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़े आंदोलन का ऐलान
सिकंदरपुर में किसान संवाद व सदस्यता अभियान आयोजित
मीरापुर (सच कहूं/कोमल प्रजापति)। Mirapur News: क्षेत्र के ग्राम सिकंदरपुर में मंगलवार को भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) की ओर से किसान संवाद एवं सदस्यता अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के हजारों किसानों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। इस दौरान आयोजित सभा में किसानों की विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई और संगठन को मजबूत बनाने पर जोर दिया गया। कार्यक्रम का संचालन युवा ब्लॉक अध्यक्ष ख़ालिद चौधरी ने किया, जबकि अध्यक्षता हरचंद सरदार ने की।
सदस्यता अभियान के दौरान ग्राम सिकंदरपुर के 60 से अधिक किसानों ने भारतीय किसान यूनियन की सदस्यता ग्रहण कर संगठन के प्रति अपना विश्वास जताया। सभा को संबोधित करते हुए भाकियू के जिला अध्यक्ष नवीन राठी ने कहा कि किसानों की समस्याओं को लेकर संगठन पूरी मजबूती के साथ खड़ा है। उन्होंने कहा कि तहसील जानसठ में व्याप्त भ्रष्टाचार और किसानों के उत्पीड़न के खिलाफ जल्द ही एक विशाल आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसानों की समस्याओं का समाधान समय रहते नहीं हुआ तो यूनियन सड़क पर उतरकर बड़ा आंदोलन करेगी।
वहीं जानसठ ब्लॉक अध्यक्ष योगेश बालियान ने कहा कि भारतीय किसान यूनियन किसी भी किसान का अपमान बर्दाश्त नहीं करेगी। किसान हितों की रक्षा के लिए संगठन हर स्तर पर संघर्ष करेगा।
कार्यक्रम के दौरान सिकंदरपुर के किसानों ने जिला अध्यक्ष के समक्ष मुझेड़ा टोल प्लाजा का मुद्दा भी उठाया। किसानों ने मांग की कि ग्राम सिकंदरपुर के निवासियों को टोल शुल्क से राहत दी जाए। किसानों का कहना था कि सिकंदरपुर गांव टोल प्लाजा से मात्र 10 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है, बावजूद इसके स्थानीय निवासियों को बार-बार टोल शुल्क चुकाकर गुजरना पड़ता है, जो उनके लिए आर्थिक बोझ बन रहा है।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष नवीन राठी, ब्लॉक अध्यक्ष योगेश बालियान, अशोक घटायन, सतीश रॉयल, अमर सिंह, इरशाद, अरशद, जिया उल हक, सेंसर पाल, राजेंद्र बालियान, महबूब प्रधान, अनुज सहित अनेक किसान मौजूद रहे। कार्यक्रम का आयोजन जिया उल हक मोटा के सौजन्य से किया गया।
