शुक्रताल में धूमधाम से मनाई गई भगवान महाराजा भागीरथ जयंती
सैनी धर्मशाला में श्रद्धापूर्वक मनाया गया भगवान महाराजा भागीरथ जन्मोत्सव
मुजफ्फरनगर (सच कहूँ न्यूज़)। Muzaffarnagar News: शुकतीर्थ स्थित सैनी धर्मशाला में सैनी समाज द्वारा भगवान महाराजा भागीरथ जन्मोत्सव बड़े ही श्रद्धा, उत्साह एवं धूमधाम के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में समाज के लोगों ने एकत्र होकर भगवान महाराजा भागीरथ की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और उनके आदर्शों को अपनाने का संकल्प लिया।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक विक्रम सिंह सैनी ने कहा कि समाज को आगे बढ़ाने के लिए युवाओं में शिक्षा और संस्कार अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि आज के युवा बुजुर्गों के साथ बैठना कम पसंद करते हैं, जिससे संस्कारों में कमी दिखाई दे रही है। उन्होंने कहा कि राजनीति में रहते हुए उन्होंने हिंदू समाज को मजबूत करने का कार्य किया है। साथ ही उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था पहले की तुलना में काफी बेहतर हुई है।
श्याम लाल ‘बच्ची’ सैनी ने कहा कि भगवान महाराजा भागीरथ ने मां गंगा को धरती पर लाकर मानव समाज के उत्थान का कार्य किया था। उनके आदर्श आज भी समाज को प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि युवा वर्ग को अपने महापुरुषों के बारे में जानकारी अवश्य होनी चाहिए।
प्रदेश अध्यक्ष चरण सिंह सैनी ने कहा कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी भगवान भागीरथ जयंती पूरे उत्साह के साथ मनाई जा रही है। भगवान भागीरथ के प्रयास और संघर्ष समाज के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं तथा समाज में नई चेतना जगाने का कार्य करते हैं।
कार्यक्रम का संचालन सतेंद्र सैनी मुरादपुरा ने किया, जबकि अध्यक्षता डॉ. शीशपाल सैनी ने की। इस अवसर पर राकेश सैनी, भोपाल सैनी, शिवांश सैनी, शुक्रमपाल सैनी, मलखान सिंह सैनी एडवोकेट, बबलू सैनी, ब्रजपाल सैनी, अरविंद सैनी, पुष्पेंद्र सैनी (शिवसेना), अविनाश सैनी, नैन सिंह सैनी, अशोक सैनी चेयरमैन, रामदास सैनी, गेंदाराम सैनी, धर्मवीर सैनी, भागीरथी सैनी मंदिर एवं धर्मशाला शुक्रताल के अध्यक्ष बनारसी दास सैनी तथा मृतशक्ति निकेता सैनी सहित बड़ी संख्या में सैनी समाज के लोग उपस्थित रहे।
