संदिग्ध परिस्थितियों में महिला की हालत बिगड़ी, सुसरालियों पर जहर देने का आरोप

दहेज विवाद में बड़ा आरोप, विवाहिता गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती

Sarvesh Kumar Picture
Published On

कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Kairana News: कस्बे के मोहल्ला आलकलां में संदिग्ध परिस्थितियों में एक विवाहिता की हालत बिगड़ गई, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, विवाहिता की माँ ने सुसराल पक्ष के लोगो पर अतिरिक्त दहेज की मांग पूरी न होने पर जहर देकर हत्या के षड्यंत्र का आरोप लगाया है। जनपद बागपत के छपरौली निवासी इमराना ने कोतवाली कैराना पुलिस को शिकायती-पत्र दिया है।

बताया कि उसने अपनी पुत्री बुशरा का विवाह करीब पांच वर्ष पूर्व कैराना के मोहल्ला आलकलां निवासी व्यक्ति के साथ में मुस्लिम रीति-रिवाज के अनुसार किया था। विवाह में सामर्थ्य अनुसार करीब सात लाख रुपये खर्च किए गए थे तथा सोने-चांदी के जेवरात, स्पलेंडर मोटरसाइकिल, फर्नीचर सहित अन्य घरेलू सामान दहेज में दिया गया था। आरोप है कि विवाह के कुछ समय बाद से ही पति समेत ससुराल पक्ष के अन्य सदस्य अतिरिक्त दहेज में कार और एक लाख रुपये नकद की मांग करने लगे। मांग पूरी न होने पर विवाहिता के साथ गाली-गलौज, मारपीट व मानसिक तथा शारीरिक उत्पीड़न किया जाने लगा। इतना ही नहीं, उसे कई बार भूखा-प्यासा भी रखा गया।

आरोप है कि 12 मई 2026 को साजिश के तहत ससुराल पक्ष के लोगों ने उसकी पुत्री को जान से मारने की नीयत से खाने में ज़हर मिला दिया, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। शोर-शराबा होने पर आस-पास के लोग मौके पर पहुंचे और पीड़िता को उपचार के लिए कैराना के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। शिकायती-पत्र में पति, जेठ, ननद व अन्य के खिलाफ षड्यंत्र रचने का आरोप लगाया गया है। वहीं, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक समयपाल अत्री का कहना है कि तहरीर प्राप्त हुई है। मामले की जांच करके अग्रिम कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।

Kairana News (2)

About The Author

Ad Ad

Related Posts