Uttarkashi Innova Accident: उत्तरकाशी में गंगनानी के पास बड़ा हादसा, नदी में गिरी 7 सवारियों से भरी इनोवा

उत्तराखंड के उत्तरकाशी में गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग की घटना, 4 की मौत

Published On

Gangnani Innova Accident: उत्तरकाशी (सच कहूँ/एजेंसी)। उत्तराखंड के उत्तरकाशी में गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर गंगनानी धर्मकुंड के समीप गुरुवार को एक भीषण सड़क हादसे में इनोवा कार सीधे नदी में जा गिरी। हादसे की सूचना मिलते ही क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वाहन में सात लोग सवार थे। दुर्घटना के बाद नदी किनारे से चार लोगों के शव बरामद किए गए हैं, जबकि अन्य संभावित यात्रियों की तलाश के लिए नदी के तेज बहाव में व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। हादसे की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ और आपातकालीन सेवाएं तत्काल सक्रिय हो गईं।

जानकारी के अनुसार, गंगनानी धर्मकुंड से लगभग 20 मीटर आगे डबरानी की ओर इनोवा कार अनियंत्रित होकर नदी में गिर गई। घटना की सूचना डेल्टा के माध्यम से प्राप्त होते ही स्थानीय पुलिस, एसडीआरएफ और 108 आपातकालीन सेवा की टीमें घटनास्थल के लिए रवाना हुईं। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य के निर्देशों पर राहत व बचाव अभियान तत्काल शुरू कर दिया गया। नदी किनारे चार लोगों के शव मिलने के बाद मृतकों की पहचान की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। वहीं वाहन में सवार अन्य लोगों की तलाश में जल पुलिस और गोताखोरों को लगाया गया है।

नदी का तेज बहाव बचाव अभियान में चुनौती बना हुआ है। रेस्क्यू टीमें लगातार नदी में संभावित स्थानों पर खोजबीन कर रही हैं। हादसे में घायल व्यक्ति को मनेरी पुलिस की सहायता से सड़क तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि उसे तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके। प्रशासन ने आपदा प्रबंधन केंद्र और चिकित्सा दल को हाई अलर्ट पर रखा है।

जिलाधिकारी प्रशांत आर्य पूरे घटनाक्रम की लगातार निगरानी कर रहे हैं। मौके पर मौजूद अधिकारियों को रेस्क्यू अभियान में तेजी लाने और प्रभावितों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन दुर्घटना में प्रभावित लोगों के परिजनों से संपर्क स्थापित करने का प्रयास कर रहा है। हादसे के कारणों की जांच भी की जा रही है।

गंगनानी के समीप हुए इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर पहाड़ी मार्गों पर यात्रा के दौरान सुरक्षा और सतर्कता की गंभीरता को उजागर किया है। फिलहाल नदी में गिरे वाहन में सवार अन्य लोगों की तलाश जारी है। मृतकों की पहचान और दुर्घटना से संबंधित विस्तृत जानकारी प्रशासन की ओर से जुटाई जा रही है।

About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts