अग्निवीर: हरियाणा में होंगी 4 भर्ती रैलिया, जानें, कहां-कहां होगी भर्ती

चंडीगढ़। (सच कहूँ/एमके शायना) हरियाणा में वर्ष 2022-23 की सेना भर्ती रैली की तैयारियां लगभग पूरी की जा चुकी हैं और जल्द ही 4 जिलों में भर्ती रैलियों का आयोजन किया जाएगा। केंद्र सरकार की अग्निपथ योजना के तहत हिसार में 11 अगस्त से 25 अगस्त, 2022 तक भर्ती रैली आयोजित की जाएगी। उसके बाद अंबाला, भिवानी और रोहतक में भी भर्ती रैलियों का आयोजन किया जाएगा। मुख्य सचिव संजीव कौशल ने यहां वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से चारों जिला उपायुक्तों और अन्य अधिकारियों के साथ वर्ष 2022-23 की सेना भर्ती रैली की तैयारियों के संबंध में स्टीयरिंग कमेटी की अध्यक्षता की।

उन्होंने कहा कि रोहतक में 28 नवम्बर से 11 दिसम्बर तक रोहतक में सेना की खुली भर्ती होगी। यह भर्ती रोहतक, झज्जर, सोनीपत और पानीपत के युवाओं के लिए होगी। भर्ती का आयोजन रोहतक के राजीव गांधी खेल परिसर में होगा। 24 अक्टूबर से 9 नवंबर 2022 तक खडगा स्टेडियम, अंबाला कैंट में अग्निपथ योजना के तहत अग्निवीरों के चयन के लिए भर्ती रैली का आयोजन किया जाएगा। राज्य के अंबाला, कैथल, करनाल, कुरूक्षेत्र, यमुनानगर, पंचकूला, जिलों और केन्द्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ के युवाओं के लिए ऑनलाईन पंजीकरण 1 अगस्त को शुरू हो जाएगा।

उम्मीदवारों के लिए रहने की व्यवस्था के आदेश

मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि सभी जिलों में इन भर्तियों के सुचारू संचालन के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किए जाएं। भर्ती के दौरान अधिकारियों तथा उम्मीदवारों के लिए रहने की व्यवस्था की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि पहली भर्ती रैली का आयोजन हिसार में किया जा रहा है और अभी तक हिसार में 12,500 उम्मीदवारों ने पंजीकरण करवाया है। पंजीकरण करने की अंतिम तिथि 30 जुलाई है, इसलिए संभावित है कि उम्मीदवारों की संख्या में बढ़ोतरी हो सकती है।

विशेष बसों की होगी व्यवस्था

बैठक में बताया गया कि इन भर्ती रैलियों के दौरान उम्मीदवारों की सुविधा के लिए रेलवे स्टेशन और बस अड्डों से रैली स्थल तक आने-जाने के लिए विशेष रूप से बसों की व्यवस्था की जाएगी। बैठक में बताया गया कि अंबाला जिले के लिए उम्मीदवार 5 अगस्त से पंजीकरण करवा सकते है।

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और TwitterInstagramLinkedIn , YouTube  पर फॉलो करें।