पंजाब सरकार पर पहले से ही चढ़ चुका है 4 लाख करोड़ रुपये का कर्ज
- 20 दिनों में लिया 2800 करोड़ का कर्ज, 2 अप्रैल को लिया था 1500 करोड़ का कर्ज
चंडीगढ़ (सच कहूँ/अश्वनी चावला)। Punjab News: पंजाब सरकार लगातार कर्ज के दलदल में फंसती नजर आ रही है और हर महीने ही पंजाब सरकार द्वारा नया कर्ज लिया जा रहा है। पंजाब सरकार ने आज मंगलवार 21 अप्रैल को मार्केट से 1300 करोड़ रुपये का कर्ज लिया है। पिछले 20 दिनों में पंजाब सरकार द्वारा यह दूसरा कर्ज लिया गया है, और इससे पहले 2 अप्रैल को 1500 करोड़ रुपये का कर्ज पंजाब सरकार ने ओपन मार्केट से लिया था। इस हिसाब से पंजाब सरकार ने इस वित्तीय साल के पहले ही महीने में 20 दिनों में 2800 करोड़ रुपये का कर्ज लिया है। पंजाब सरकार द्वारा ताजा लिया गया 1300 करोड़ रुपये का कर्ज 12 साल बाद 22 अप्रैल 2038 तक वापस किया जाएगा और इस नए कर्ज के लिए ब्याज सीमा 21 अप्रैल को ओपन मार्केट में सरकारी बांड की विक्री के साथ बैंकों द्वारा तय की जाएगी। Punjab News
जानकारी के अनुसार, पंजाब सरकार द्वारा लंबे समय से कर्ज लिया जा रहा है और पंजाब में शिरोमणी अकाली दल और भाजपा की सरकार के बाद कांग्रेस की सरकार बदलकर आम आदमी पार्टी की सरकार आई है, जो अब चार साल से सत्ता में है। लेकिन, साल दर साल कर्ज लेने का काम नहीं रुक रहा है। बल्कि पहले से ज्यादा कर्ज लिया जा रहा है। पंजाब सरकार ने 17 अप्रैल को एक नोटिफिकेशन जारी करते हुए 1300 करोड़ रुपये का कर्ज लेने के लिए बिडिंग सिस्टम के जरिए विभिन्न बैंकों से पैसे की मांग की थी। जो भी सरकारी या गैर-सरकारी बैंक पंजाब सरकार को सरकारी बांड के माध्यम से सबसे कम ब्याज पर 12 साल के लिए कर्ज देने के लिए तैयार होगा, पंजाब सरकार उस बैंक से 21 अप्रैल 2026 को कर्ज ले लेगी।
पंजाब सरकार द्वारा बार-बार लिए जा रहे कर्ज पर राजनीतिक विरोधी दलों द्वारा काफी अधिक आपत्ति जताई जाती रही है और सरकार की वित्तीय स्थिति पर सवाल उठाए जा रहे हैं, लेकिन दूसरी ओर सरकार इसे अपनी मजबूरी मानते हुए हर बार यही तर्क देती नजर आती है कि पिछले कर्ज की किश्तों को वापस करने के लिए ही उन्हें नया कर्ज लेना पड़ रहा है। यहाँ यह बताना भी आवश्यक है कि इस समय पंजाब पर 4 लाख करोड़ रुपये से अधिक कर्ज चढ़ चुका है और हर महीने दो बार कर्ज लेने के साथ पंजाब सरकार बड़े पैमाने पर नया कर्ज ले रही है। Punjab News
यह भी पढ़ें:– Fire: प्लाईवुड फैक्ट्री में लगी आग से लाखों का नुकसान















