छछरौली में रक्तदान शिविर: शिवाजी प्रेस क्लब व राजकीय कॉलेज के प्रयास से 103 यूनिट रक्त हुआ एकत्र

मुख्य अतिथि के तौर पर पूर्व कैबिनेट मिनिस्टर कंवरपाल पहुंचे

Published On

छछरौली (सच कहूँ/राजेंद्र कुमार)। ​Chhachhrauli News: शिवाजी प्रेस क्लब छछरौली और राजकीय महाविद्यालय छछरौली के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित पहला स्वैच्छिक रक्तदान शिविर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। शिविर में युवाओं और समाजशास्त्रियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया, जिसके परिणामस्वरूप कुल 103 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया।

​पत्रकारों का यह प्रयास समाज के लिए प्रेरणादायी: कंवरपाल

​कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे पूर्व कैबिनेट मंत्री चौधरी कंवरपाल ने शिवाजी प्रेस क्लब की इस सामाजिक पहल की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि पत्रकारों द्वारा गठित शिवाजी प्रेस क्लब समाजहित में निरंतर उत्कृष्ट कार्य कर रहा है। उन्होंने उपस्थित लोगों को प्रेरित करते हुए कहा कि रक्तदान महादान है और हर सक्षम व्यक्ति को इस पुण्य कार्य में अपना सहयोग देना चाहिए।

​प्रशासन हर सुख-दुख में पत्रकारों के साथ: एसडीएम

​विशिष्ट अतिथि के रूप में पहुंचे एसडीएम छछरौली जसपाल सिंह गिल ने भी शिविर के आयोजन की तारीफ की। उन्होंने विश्वास दिलाया कि जिला प्रशासन हर सुख-दुख और सामाजिक सरोकार के कार्यों में पत्रकारों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है। वहीं, जगाधरी मार्केट कमेटी के अध्यक्ष विपुल गर्ग और छछरौली मार्केट कमेटी के अध्यक्ष कैलाश शर्मा ने भी क्लब के प्रयासों की भूरी-भूरी प्रशंसा की। उन्होंने आमजन से हर तीन महीने में नियमित रूप से रक्तदान करने की अपील की।

​3 महीने बाद लगेगा दूसरा शिविर, मेडिकल चेकअप कैंप का भी होगा आयोजन

​शिवाजी प्रेस क्लब के प्रधान रविंद्र चौहान ने सफल आयोजन के लिए सभी अतिथियों, सहयोगियों और रक्तदाताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि क्लब के गठन के बाद यह पहला रक्तदान कार्यक्रम था, जो सभी के सहयोग से पूरी तरह सफल रहा और 103 यूनिट रक्त एकत्र हुआ। उन्होंने घोषणा की कि ठीक 3 महीने बाद दूसरा रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा। इसके साथ ही आने वाले समय में एक मेडिकल चेकअप कैंप का भी आयोजन किया जाएगा ताकि ग्रामीण क्षेत्र में ग्रामीणों को उनके घर के दरवाजे पर ही स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। उन्होंने कहा कि प्रेस क्लब इस तरह के सामाजिक कार्य निरंतर आयोजित करता रहेगा।

​कॉलेज प्रशासन का रहा विशेष योगदान

​राजकीय महाविद्यालय छछरौली के प्राचार्य डॉ. सुनील तनेजा के मार्गदर्शन में वाइस प्रिंसिपल अशोक बंसल, संजीव कुमार, परवीन कुमार, सतवीर सिंह और डॉ. इंदूवाला का इस शिविर को सफल बनाने में पूर्ण सहयोग रहा।

​इन्होंने किया रक्तदान और दर्ज कराई उपस्थिति

​शिविर में सिंचाई विभाग के एसडीओ सहदेव डागर,  गुलशन अरोड़ा, राजन बल्लेवाला, जिला मीडिया प्रभारी कपिल मनीष गर्ग, पार्षद जयंत स्वामी, सरपंच पंकज बेगमपुर, कोच रमनजीत सिंह और प्रेस क्लब यमुनानगर के प्रधान परभजीत सिंह लक्की ने स्वयं रक्तदान कर समाज को प्रेरित किया।

​इस अवसर पर शिवाजी प्रेस क्लब के संरक्षक रघुवीर राणा, अली जान रौनक, प्रीति सैनी, सविता, रवि सिंगला, संजीव गुप्ता, सुखविंदर कश्यप, रामकिशन कश्यप, राजेंद्र कुमार और नितिन सिंगला सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

Chhachhrauli News

About The Author

Related Posts