चार हत्याओं के आरोपी पूर्व फौजी ने भोंडसी जेल में की आत्महत्या

Former soldier accused sachkahoon

पूर्व फौजी राव राय सिंह ने 24 अगस्त 2021 को दिया था जगत में हत्याकांड को अंजाम

गुरुग्राम(सच कहूँ न्यूज)। राजेंद्रा पार्क कॉलोनी में अपनी पुत्रवधू समेत किराएदार के परिवार के चार सदस्यों की हत्या के आरोपी रिटायर फौजी राय सिंह ने मंगलवार की सुबह 6 बजे भोंडसी जेल में आत्महत्या कर ली। पुलिस मामले की जांच कर रही है। आरोपी की पत्नी भी भोंडसी जेल में ही बंद है। बता दें कि सेवानिवृत फौजी राय सिंह ने 24 अगस्त 2021 मंगलवार की अलसुबह अपनी पुत्रवधू समेत किरायेदार परिवार के चार लोगों की हत्या कर दी थी। हमला तो उसने पांच लोगों पर किया था, जिसमें दो बच्चियां भी शामिल रही। एक बच्ची बुरी तरह घायल हुई थी, जो अभी ठीक है। इस जघन्य वारदात अंजाम देकर आरोपी ने थाने में आत्मसमर्पण किया था।

आरोपी राव राय सिंह हत्याकांड को अंजाम देकर खून से सने कपड़ों के साथ राजेंद्रा पार्क पुलिस थान में पहुंचा था। उसकी हालत देखकर पुलिसकर्मियों को लगा कि उस पर किसी ने हमला किया है। उसने पुलिस को बताया था कि अपनी पुत्रवधू सुनीता यादव, किरायेदार कृष्ण तिवारी, उसकी पत्नी अनामिका तिवारी, उनकी नौ साल की बेटी सुभि तिवारी और तीन साल की बेटी निधि तिवारी की हत्या कर दी है। आरोपी का पुत्र गुरुग्राम में वकील है। उससे भी पूछताछ की गई थी। पुलिस अभी तक मामले की तह तक नहीं जा सकी थी। इसी बीच मंगलवार की सुबह खबर आई कि आरोपी राव राय सिंह ने भौंडसी जेल में आत्महत्या कर ली है।

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और TwitterInstagramLinkedIn , YouTube  पर फॉलो करें।