हरियाणा मंत्रीमंडल की बैठकः 42 में से 37 ऐजेंडों पर मोहर, 5 डैफर

Haryana cabinet meeting sachkahoon

20 अगस्त से होगा हरियाणा विधानसभा का मानसून सत्र, हाॅकी विजेताओं पर इनामों की वर्षा

  • भारतीय टीम के दो हरियाण्वी खिलाड़ियों को मिलेगी अढाई अढाई करोड़ की नकद राशि, नौकरी और प्लाॅट भी देगी सरकार

चंडीगढ़ (अनिल कक्कड़)। पूरे देश में भारतीय हाॅकी टीम द्वारा जीते गए कांस्य पदक की खुशी छाई हुई जिसमें प्रदेश का मंत्रीमंडल भी शामिल रहा। वीरवार को टोक्यो ओलंपिक में 41 साल बाद हाॅकी इंडिया को मिले पदक की खुशी में प्रदेश के मुख्यमंत्री एवं तमाम मंत्रीमंडल ने हाॅकी खिलाड़ियों व देश वासियों को बधाई दी। वहीं मंत्रीमंडल की बैठक में पहले हाॅकी में मिली जीत का जश्न मनाया गया व एक दूसरे को मिठाई खिलाई गई वहीं प्रदेश के मुख्यमंत्री ने बताया कि ओलिंपिक में हॉकी में जीत पर भारतीय टीम के खिलाड़ियों को बधाई दी।

साथ ही कहा कि टीम में शामिल राज्य के दो हॉकी खिलाड़ियों को ढाई-ढाई करोड़ रुपये और ग्रुप बी सीनियर कोच की नौकरी दी जाएगी। वहीं बैठक में हरियाणा विधानसभा का मानसून सत्र 20 अगस्त से बुलाने का फैसला किया गया। बैठक की शुरूआत में मुख्यमंत्री मनोहर लाल और गृह मंत्री अनिल विज समेत सभी मंत्रियों ने भारतीय हॉकी टीम के खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दी। गृह व स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज तो मिठाई लेकर मंत्रिमंडल की बैठक में पहुंचे। उन्होंने मुख्यमंत्री सहित सभी मंत्रियों का मुंह मीठा करवाया और बधाई दी। इससे पहले अंबाला में भी विज ने जीत का खूब जश्न मनाया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर जम कर वायरल हुआ।

तीन दिन तक चल सकता है सत्र

सीएम की अध्यक्षता में हुई मंत्रिमंडल की बैठक में विधानसभा का मानसून सत्र 20 अगस्त से शुरू किए जाने का निर्णय लिया गया है। इस दिन शुक्रवार है। दो दिन शनिवार और रविवार के अवकाश के बाद सोमवार व मंगलवार तक मानसून सत्र चल सकता है। हरियाणा विधानसभा के स्पीकर ज्ञानचंद गुप्ता का कहना है कि सत्र कितने दिन तक चलेगा, इसका फैसला विधानसभा की बिजनेस एडवाइजरी कमेटी में होगा। उन्होंने बताया कि कोविड-19 को देखते हुए इस बार भी सदन में कोरोना प्रोटोकाल का ध्यान रखा जाएगा। शारीरिक दूरी अपनाने के नियमों का पालन होगा। मीडिया गैलरी हरियाणा निवास में ही बनेगी। सभी मंत्रियों-विधायकों व अधिकारियों की सदन में थर्मल स्कैनिंग के बाद प्रवेश कराया जाएगा। बजट सत्र के दौरान विधानसभा परिसर में मुख्यमंत्री की सुरक्षा में सेंध लगाए जाने की घटना से सबक लेते हुए इस बार सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रहेगी।

सुरेंद्र और सुमित हैं हरियाणा के खिलाड़ी

भारतीय हॉकी टीम में हरियाणा के दो खिलाड़ी सुरेंद्र कुमार और सुमित कुमार हैं। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने इन दोनों खिलाड़ियों को ढाई-ढाई करोड़ रुपये का नकद इनाम देने का ऐलान किया है। दोनों खिलाड़ियों को खेल विभाग में सीधे सीनियर कोच की नौकरी दी जाएगी। मनोहर लाल ने कहा कि ओलिंपिक खेलों में पदक हासिल करने वाले हरियाणा के सभी खिलाड़ियों का भव्य सम्मान समारोह किया जाएगा।

कैबिनेट में इन फैसलों पर लगी मोहर

  • हरियाणा मंत्रिमंडल की बैठक में 42 एजेंडे थे, जिनमें से 5 को डेफर किया गया, जबकि 37 को मंजूर किया है।किसानों को आपसी जमीन में अदला-बदली करने में स्टाम्प ड्यूटी में राहत दे दी गई है।
  • टीचर्स ट्रांसफर पॉलिसी में एमेंडमेंट करके कैबिनेट की मंजूरी दी है। नियमित टीचर्स को पहला विकल्प मिलेगा। बाद में गेस्ट टीचर्स को ऑप्शन रहेगा। वहीं निशक्त टीचर्स के लिए जो नियम थे उनको बदला गया है। दिव्यांग (आंख से नहीं देखने वाले) के लिए भी नियम बदले हैं। इस पॉलिसी में टीचर्स के साथ साथ क्लर्क और चपरासी भी शामिल रहेंगे।
  • सरकार ने कैबिनेट में लैंड बैंक बनाने की मंजूरी दी है।
  • रेंटल पॉलिसी को कैबिनेट ने मंजूरी दी है।
  • कर्मचारियों को लेकर नया विभाग बनाने का फैसला, विभाग का नाम ह्यूमन रिसोर्स होगा। हरियाणा में करीब पौने तीन लाख सरकारी कर्मचारी हैं। इसके अलावा अनुबंध पर भी कर्मचारी।
  • परिवार पहचान पत्र योजना के तहत 1 लाख 80 हजार से कम आय वाले परिवारों को पीएम किसान सम्मान निधि या अन्य लाभ से उनको जीवन बीमा का लाभ मिलेगा।
  • हिसार के एयरपोर्ट को महाराज अग्रेसन के नाम पर किए जाने को मंत्रिमंडल ने मंजूरी दी है।
  • हरियाणा कौशल रोजगार निगम बनाने का फैसला किया है। इसके माध्यम से कांट्रेक्ट पर भर्ती होगी।

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और TwitterInstagramLinkedIn , YouTube  पर फॉलो करें।