मुझे चन्नी की तरह गिल्ली-डंडा खेलना नहीं, स्कूल व अस्पताल बनवाने आते हैं: केजरीवाल

Kejriwal sachkahoon

लंबी/श्री मुक्तसर साहिब (सच कहूँ टीम)। आम आदमी पार्टी के संयोजक तथा दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने राज्य की कांग्रेस सरकार को नौटंकीबाज और आज तक की सबसे भ्रष्ट सरकार करार दिया है। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार नौटंकीबाज ड्रामेबाज सरकार है। राज्य के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी की ओर से की जा रही बातें मजाक बन गई हैं। लोग उनका मजाक बना रहे हैं। वह कभी कुछ तो कभी कुछ कहते हैं। पंजाब कांग्रेस सर्कस बनकर रह गई है। किसी भी नेता की आपस में नहीं बन रही। सब एक-दूसरे की टांग खींच रहे हैं। ऐसी सरकार लोगों का क्या भविष्य संवारेगी।

केजरीवाल ने कहा कि यह आज तक की सबसे भ्रष्ट सरकार है। विधायक से लेकर मंत्री तक सब कमाने में लगे हुए हैं। यहां तक कि मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के हलके में भी रेत चोरी हो रही है और यह सब उनकी मिलीभगत से हो रहा है। चन्नी लगातार झूठे वादे कर रहे हैं। आप की तरफ से की जा रही घोषणाओं पर उन्हें गालियां दे रहे हैं। केजरीवाल ने कहा कि जो पैसा नेता लूटते थे, उस पैसे से मां बहनों को 1000 रुपये देंगे, मुफ्त बिजली देंगे।

हम बिजली बिल जीरो कर देंगे

उन्होंने कहा कि पंजाब में एक साल का एक लाख 70000 करोड़ का बजट होता है। इसमें से 34000 करोड़ रुपये नेता खा जाते हैं। इस 34000 रुपये से ही लोगों को मुफ्त सुविधाएं दी जाएंगी। केजरीवाल ने सीएम चन्नी पर तंज कसते हुए कहा कि उन्हें गिल्ली-डंडा नहीं खेलना आता, लेकिन स्कूल बनाने आते हैं। उन्हें कंचे खेलने नहीं आते, लेकिन अस्पताल बनाने आते हैं। उन्हें टेंट लगाना नहीं आता, लेकिन बिजली बिल जीरो करना आता है। उन्हें गाय का दूध दोहना नहीं आता, लेकिन 24 घंटे बिजली देना आता है। पंजाब में आप की सरकार बनने पर पहले जो पैसा नेता लूटते थे, उसे वह जनता पर लुटाएंगे।

बस हमें एक मौका दो

केजरीवाल ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि पंजाब में अब तक 25 वर्ष कांग्रेस और 19 साल अकालिओं ने राज किया है। आम आदमी पार्टी को केवल पांच साल दे दें। अगर सरकार का कामकाज पसंद न आए तो उसे हटा दें। जिन कांग्रेसियों और अकालियों ने 25 और 19 सालों में कुछ नहीं किया, वे अब क्या कर देंगे।

सीएम चन्न व सुखबीर में कोई अंतर नहीं: मान

आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सांसद भगवंत मान ने कहा कि चरणजीत सिंह चन्नी तथा सुखबीर बादल का स्वभाव एक जैसा है। दोनों को केवल बातें करनी आती हैं। पंजाब में आप के आने के बाद कांग्रेसियों और अकालियों में डर पैदा हो गया है। पहले ये लोग मिलकर खेलते थे, लेकिन अब आप के आने के बाद इनके एजेंडा भी बदल गए हैं। अब इन लोगों पर कोई विश्वास नहीं करता।

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और TwitterInstagramLinkedIn , YouTube  पर फॉलो करें।