कानपुर: श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर ट्राली तालाब में गिरी, 25 की मौत

कानपुर (एजेंसी)। उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले में शनिवार को देर शाम मंदिर दर्शन के लिये श्रद्धालुओं को लेकर गयी एक ट्रैक्टर ट्राली अनियंत्रित होकर सड़क किनारे तालाब में जा गिरी। पुलिस ने इस घटना में 25 लोगों के मरने की पुष्टि की है। पुलिस ने बताया कि कानपुर के थाना साढ़ के अंतर्गत श्रद्धालुओं से भरी एक ट्रैक्टर ट्रॉली अनियंत्रित होकर तालाब में पलट गई। हादसे में 25 श्रद्धालुओं की मौत हो गयी और लगभग एक दर्जन घायल हुये हैं। राज्य के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना पर शोक व्यक्त करते हुए तत्काल जिलाधिकारी व अन्य वरिष्ठ अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य करने तथा घायलों के समुचित उपचार कराने की व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं।

इंडोनेशिया में फुटबाल मैच के दौरान हिंसा, 127 लोगों की मौत

कैसे हुआ हादसा

घटना के बारे में पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कानपुर के साढ़ थाना क्षेत्र के कोरथा गांव के शृद्धालु ट्रैक्टर ट्राली से फतेहपुर जिले में चंद्रिका देवी मंदिर गये थे। ट्राली में करीब 40 लोग सवार थे। मंदिर में देवी दर्शन कर देर शाम वापस लौटते समय साढ़ और गंभीरपुर गांव के बीच सड़क किनारे एक तालाब में ट्रैक्टर ट्राली अनियंत्रित होकर पलट गई। सभी श्रद्धालु ट्राली के नीचे दब गये। चीख पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से दबे शवों को बाहर निकाल कर तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र भिजवाया। जहां पर चिकित्सकों ने 25 को मृत घोषित कर दिया। जबकि कई अन्य श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गये हैं। गंभीर रूप से घायल हुये श्रद्धालुओं को कानपुर स्थित अस्पताल में रेफर कर दिया गया। घटनास्थल पर पहुंचे पुलिस अधीक्षक (बाहरी क्षेत्र) तेज स्वरूप सिंह ने बताया कि अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर ट्राली तालाब में पलट गया था। इसकी जानकारी मिलते ही तत्काल सभी घायलों को इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

सीएम योगी ने जताया दु:ख

इस बीच राज्य के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस हादसे में हुई जनहानि पर गहरा दु:ख प्रकट किया है। लखनऊ स्थित मुख्यमंत्री कार्यालय से जारी बयान में योगी ने दिवंगत आत्मा की शांति की कामना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री योगी ने मृतकों के परिजनों को दो दो लाख रुपये एवं गंभीर रुप से घायलों को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दिये जाने के निर्देश दिये हैं। योगी ने जिला प्रशासन को घायलों हुए लोगों को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर समुचित उपचार कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की है। मुख्यमंत्री कार्यालय के सूत्रों ने बताया कि इस हादसे में राहत एवं बचाव अभियान की योगी स्वयं निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने राज्य सरकार में मंत्री राकेश सचान एवं अजीत पाल को घटना स्थल पर जाकर राहत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिये हैं।

मुर्मू, मोदी और शाह ने कानपुर हादसे पर शोक व्यक्त किया

राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शनिवार को उत्तर प्रदेश के कानपुर में हुए सड़क हादसे में मारे गये लोगों के प्रति शोक व्यक्त किया है तथा घायलों के शीध्र स्वस्थ होने की कामना की है। राष्ट्रपति मुर्मू ने ट्वीट कर कहा, ‘कानपुर में हुए सड़क हादसे में कई लोगों की मृत्यु के समाचार से बहुत व्यथित हूं। इस दुर्घटना में अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति मेरी गहन शोक-संवेदनाएं। मैं घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ट्वीट किया, ‘कानपुर में ट्रैक्टर-ट्राली दुर्घटना से व्यथित हूं। मेरी संवेदनाएं उन सभी लोगों के साथ हैं जिन्होंने अपनों को खोया है। घायलों के लिए प्रार्थना। स्थानीय प्रशासन प्रभावितों को हर संभव सहायता प्रदान कर रहा है। एक अन्य ट्वीट में श्री मोदी ने प्रधानमंत्री राहत कोष से मृतक आश्रितों को दो-दो लाख रुपए और गंभीर रूप से घायलों को 50-50 हजार रुपए सहायता राशि देने की घोषणा की।

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और TwitterInstagramLinkedIn , YouTube  पर फॉलो करें।