Himachal Weather Update: मौसम विभाग ने हिमाचल वासियों को किया अंधड़-बारिश के लिए अलर्ट

बिजली गिरने की भी चेतावनी

Published On

Himachal Weather Update: शिमला। हिमाचल प्रदेश में तेज गर्मी और चटक धूप के बीच मौसम एक बार फिर बदलाव की ओर बढ़ रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र ने आगामी दिनों में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में वर्षा, तेज हवाओं और गर्जना की संभावना व्यक्त की है। विभाग के अनुसार 19 मई से 23 मई तक सक्रिय होने वाले पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम अस्थिर बना रह सकता है। Himachal Weather News

मौसम विभाग ने चंबा, कांगड़ा और कुल्लू जिलों के लिए विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है। इन क्षेत्रों में तेज हवाएं चलने, बादल गरजने और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका के चलते येलो अलर्ट जारी किया गया है। अनुमान है कि हवा की गति 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। प्रदेश में इससे पहले हुई वर्षा और ओलावृष्टि के कारण किसानों और बागवानों को काफी नुकसान उठाना पड़ा था। अब एक बार फिर मौसम खराब होने की संभावना से सेब सहित अन्य फलों की फसलों को लेकर चिंता बढ़ने लगी है।

हालांकि, लगातार बढ़ रहे तापमान के बीच संभावित बारिश से मैदानी और निचले इलाकों में लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद भी जताई जा रही है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 18 मई को प्रदेशभर में मौसम साफ बना रहेगा तथा तापमान में वृद्धि दर्ज हो सकती है। इसके बाद 19 से 21 मई तक मध्य और उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में वर्षा और अंधड़ की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। 22 मई को पूरे प्रदेश में मौसम खराब रहने की संभावना है, जबकि 23 मई को भी कई पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश और गर्जना का दौर जारी रह सकता है।

पिछले 24 घंटों के दौरान सराहन में 18 मिलीमीटर तथा चंबा में 2 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। वहीं सिरमौर जिले का पांवटा साहिब सबसे अधिक गर्म क्षेत्र रहा, जहां अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रविवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तेज धूप निकलने से तापमान में बढ़ोतरी देखी गई। न्यूनतम तापमान की बात करें तो कुकुमसेरी प्रदेश का सबसे ठंडा क्षेत्र रहा, जहां पारा 4.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा केलांग, ताबो, कल्पा और मनाली सहित कई पर्वतीय क्षेत्रों में तापमान सामान्य से कम बना रहा, जबकि मैदानी इलाकों में गर्मी का असर स्पष्ट रूप से महसूस किया गया। Himachal Weather News

About The Author

Related Posts