सैंफई में कल होगा मुलायम सिंह का अंतिम संस्कार : सपा

Published On

लखनऊ (एजेंसी)। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं राज्य के मुख्य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी (सपा) के संस्थापक मुलायम सिंह यादव का अंतिम संस्कार मंगलवार को दिन में 03 बजे उनके पैतृक गांव इटावा जिले के सैंफई में किया जायेगा। सपा की ओर से सोमवार को यादव के निधन की आधिकारिक पुष्टि करते हुए यह जानकारी दी गयी। पार्टी की ओर से ट्वीट कर बतायाा गया, ‘आदरणीय नेताजी का आज दिनांक 10 अक्टूबर 2022 को सुबह गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में निधन हो गया।

उनके पार्थिव शरीर को सैफई ले जाया जा रहा है। कल दिनांक 11 अक्टूबर 2022 को दोपहर तीन बजे सैफई में अंतिम संस्कार होगा। गौरतलब है कि लंबी बीमारी के बाद यादव का आज सुबह निधन हो गया। वह 83 वर्ष के थे और पिछले करीब डेढ़ महीने से मेदांता अस्पताल में भर्ती थे। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने यादव के निधन पर तीन दिन का राजकीय शोक प्रकट करते हुए पूरे राजकीय सम्मान से उनका अंतिम संस्कार करने की घोषणा की है।

नेताजी के निधन से भारतीय राजनीति के स्वर्णिम युग का अंत हो गया : प्रो रामगोपाल

समाजवादी पार्टी (सपा) के वरिष्ठ नेता प्रो रामगोपाल यादव ने सोमवार को पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के निधन पर शोक प्रकट करते हुए कहा कि उनके निधन से भारतीय राजनीति के एक स्वर्णिम युग का अंत हो गया। प्रो यादव ने ट्वीट कर कहा, ‘नेताजी के निधन से भारतीय राजनीति के एक स्वर्णिम युग का अंत हो गया है। जाति, धर्म और राजनीति से ऊपर उठकर हर जरूरतमंद, दुखी और पीड़ित लोगों की मदद करने में नेता जी जैसा कोई दूसरा नहीं हुआ है। शत शत नमन। ओम् शांति। गौरतलब है कि यादव का आज सुबह 8:16 बजे दिल्ली एनसीआर में गुरुग्राम स्थित मेदांता अस्पताल में निधन हो गया। वह 83 वर्ष के थे और बीमार होने के कारण पिछले कुछ दिनों ने मेदांता अस्ताल में भर्ती थे।

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और TwitterInstagramLinkedIn , YouTube  पर फॉलो करें।

About The Author

Related Posts