गुजरात में नमक फैक्टरी की दीवाल धराशायी, 12 लोगों की दर्दनाक मौत, कई घायल

Published On

अहमदाबाद (एजेंसी)। गुजरात के मोरबी जिÞले में बुधवार को एक नमक फैक्टरी की दीवाल गिरने से पांच महिलाओं समेत कम से कम 12 कामगारों की मौत हो गयी और कई अन्य घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि अहमदाबाद से करीब 180 किमी दूर हलवद शहर के औद्योगिक इलाके हलवद जीआइडीसी स्थित सागर सॉल्ट फैक्टरी में आज दोपहर करीब 12 बजे कामकाज के दौरान अचानक इसकी विशाल दीवार गिर गयी। वहां मौजूद कई महिला कामगारों समेत 30 से अधिक श्रमिक इसके मलबे में दब गए। अब तक 12 के मरने की पुष्टि हो गयी है और यह संख्या बढ़ने की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता। घायलों को निकटवर्ती अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल ने इस दुर्घटना पर गहरा दु:ख जताया है। पटेल ने मृतकों के आश्रितों के लिए चार-चार लाख और घायलों के इलाज के लिए 50 हजार रुपए की राहत राशि की घोषणा भी की है।

शाह ने गुजरात में फैक्ट्री हादसे पर दुख व्यक्त किया

केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुजरात में एक फैक्ट्री में हुए हादसे में 12 लोगों की मौत पर दुख व्यक्त किया है। शाह ने बुधवार को एक ट्वीट संदेश में कहा, ‘गुजरात के मोरबी में एक हादसे में 12 लोगों की मृत्यु अत्यंत दु:खद है। मैंने मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल जी से बात की है, प्रशासन राहत पहुँचाने में तत्परता से लगा है। घायलों को शीघ्र अस्पताल पहुँचाकर उन्हें उपचार दिया जा रहा है। शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूँ। उल्लेखनीय है कि गुजरात के मोरबी जिÞले में एक नमक फैक्टरी की दीवार गिरने से पांच महिलाओं समेत कम से कम 12 कामगारों की मौत हो गयी और कई अन्य घायल हो गए।

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और TwitterInstagramLinkedIn , YouTube  पर फॉलो करें।

About The Author

Related Posts