सेना के जवानों के पीछे पूरा देश खड़ा है : मोदी

Published On

नयी दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज संसद भवन परिसर में कहा कि सीमा पर डटे सेना के जवानों के पीछे पूरा देश खड़ा है। संसद के सोमवार से शुरू हो रहे मानसून सत्र के लिए संसद भवन परिसर पहुंचे मोदी ने चीन के साथ सीमा पर जारी तनाव के बीच सेना के जवानों की हौसलाफजाई करते हुये कहा, “ हमारी सेना के वीर जवान सीमा पर डटे हुए हैं – पूरी हिम्मत के साथ, जज्बे के साथ, बुलंद हौसलों के साथ दुर्गम पहाड़ियों मे डटे हुए हैं। जिस विश्वास के साथ वे डटे हुए हैं, इस सदन और सत्र की विशेष जिम्मेदारी है कि सदन के सभी सदस्य एक भाव, एक भावना, एक संकल्प से यह संदेश देंगे कि सेना के जवानों के पीछे संसद और संसद सदस्यों के माध्यम से देश खड़ा है।”

प्रधानमंत्री ने कहा कि संसद का यह सत्र विशिष्ट वातावारण में प्रारंभ हो रहा है। कोरोना और कर्त्तव्य के बीच सभी सांसदों ने कर्त्तव्य का रास्ता चुना है। उन्होंने कहा कि इस सत्र में कई महत्वपूर्ण निर्णय होंगे। अनेक विषयों पर चर्चा होगी। लोकसभा में जितनी ज्यादा चर्चा, जितनी गहन और विविधताओं से भी भरी चर्चा होती है उतना ही सदन और देश को लाभ होता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सभी सांसद मिलकर इस बार भी इस महान परंपरा में मूल्यवर्द्धन करेंगे। मोदी ने कहा कि कोरोना की स्थिति में जिन सतर्कताओं के बारे में सूचित किया गया है उनका सबको पालन करना है। उन्होंने कहा आशा व्यक्त की कि जल्द से जल्द दुनिया के किसी भी कोने से टीका उपलब्ध हो और हमारे वैज्ञानिक जल्द से जल्द टीका बनाने में सफल हों।

 

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें।

About The Author

Related Posts