Vande Bharat Express:- राजधानी दिल्ली से भोपाल के बीच 1 अप्रैल से चलेगी नई वंदे भारत ट्रेन, जानें टाइमिंग

Sach Kahoon Desk Picture
Published On

भोपाल दिल्ली वंदे भारत एक्सप्रेस की नयी समय सारणी जारी

भोपाल (एजेंसी)। मध्यप्रदेश की पहली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन (Vande Bharat Express) की नयी समय सारणी जारी की गई है। अब यह गाड़ी राजधानी भोपाल के रानी कमलापति स्टेशन से नई दिल्ली के बजाय हजरत निजामुद्दीन स्टेशन तक चलेगी तथा इसे वीरांगना लक्ष्मीबाई झाँसी, ग्वालियर और आगरा छावनी स्टेशन पर ठहराव दिया गया है।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रानी कमलापति स्टेशन पर शनिवार को अपराह्न करीब सवा तीन बजे एक भव्य समारोह में इसे हरी झंडी दिखा कर शुभारंभ करेंगे। इस मौके पर मध्य प्रदेश के राज्यपाल मंगूभाई पटेल, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और केंद्र एवं राज्य सरकारों के मंत्री, सांसद आदि प्रमुख नेता मौजूद होंगे।

शताब्दी एक्सप्रेस की तुलना में करीब सवा घंटे कम समय

रेलवे बोर्ड के सूत्रों के मुताबिक 11वीं वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन नई दिल्ली की बजाय हजरत निजामुद्दीन से परिचालित करने से दिल्ली और भोपाल के बीच की 701 किलोमीटर की दूरी साढ़े सात घंटे में तय करेगी। यह ट्रेन शताब्दी एक्सप्रेस की तुलना में करीब सवा घंटे कम समय में सफर तय करेगी।
यह पहली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन है जो आगरा से दिल्ली के बीच अपनी अधिकतम मान्य गति 160 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से दौड़ेगी। इससे पहले विभिन्न सेक्शनों में परिचालित होने वाली 10 वंदे भारत एक्सप्रेस गाड़ियों की अधिकतम गति 130 किलोमीटर प्रतिघंटा है।

सूत्रों ने बताया कि इस ट्रेन को पहले केवल आगरा स्टापेज दिया जा रहा था लेकिन अब वीरांगना लक्ष्मीबाई झाँसी और ग्वालियर में भी गाड़ी रुकेगी। इसके अलावा बीना जंक्शन और पलवल में तकनीकी हाल्ट दिया गया है। जानकारों के मुताबिक यह देश की यह 11वीं वंदे भारत एक्सप्रेस ऐसी पहली वंदे भारत एक्सप्रेस होगी जो दिल्ली से आगरा सेक्शन पर 160 किलोमीटर प्रतिघंटा की गति से दौड़ सकेगी।

वंदे भारत का किराया

आधिकारिक जानकारी के अनुसार उद्घाटन यात्रा में ट्रेन अपने नियमित ठहराव वाले स्टेशनों के अलावा विदिशा, गंज बसौदा, बीना, ललितपुर, बबीना, दतिया, मुरैना, धौलपुर, राजा की मंडी, मथुरा, हजरत निजामुद्दीन स्टेशन रुकते हुए रात 11 बज कर 50 मिनट पर नई दिल्ली स्टेशन पहुंचेगी। नियमित समय सारणी के अनुसार 20171 डाउन ट्रेन शनिवार को छोड़कर सप्ताह छह दिन चलेगी और सुबह 5.40 बजे रानी कमलापति से रवाना हो कर 7.10 बजे बीना, 8.46 बजे वीरांगना लक्ष्मीबाई झाँसी, 9.48 बजे ग्वालियर, 11.25 बजे आगरा, 12.40 बजे पलवल और 13.10 बजे अंतिम गंतव्य हजरत निजामुद्दीन पहुंचेगी।

वापसी में 20172 अप ट्रेन हजरत निजामुद्दीन से 14.40 बजे चल कर 15.10 बजे पलवल, 16.20 बजे आगरा, 17.45 बजे ग्वालियर, 19.03बजे वीरांगना लक्ष्मीबाई झाँसी, 20.40 बजे बीना और 22.10 बजे रानी कमलापति पहुंचेगी। वंदे भारत का किराया शताब्दी एक्सप्रेस की तुलना में कुछ अधिक होगा। वंदे भारत एक्सप्रेस में कुल 16 कोच हैं। इनमें 14 एसी चेयर कार और 2 एग्जीक्यूटिव क्लास कोच है। इसमें 1128 सीटें यात्रियों के लिए उपलब्ध रहेंगी।

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और TwitterInstagramLinkedIn , YouTube  पर फॉलो करें।

About The Author

Related Posts