युद्ध विराम को लेकर बोको हराम से बातचीत कर रहा है नाइजीरिया

Nigeria, Boko Haram, Possible, Ceasefire

अबुजा (Varta):

नाइजीरिया की सरकार इस्लामिक आतंकवादी संगठन बोको हराम से एक संभावित युद्ध विराम लागू करने को लेकर बातचीत कर रही है। नाइजीरिया के सूचना मंत्री लाई मोहम्मद ने आज कहा कि युद्ध की स्थिति के स्थायी अंत के लिये सरकार बोको हराम से एक संभावित युद्ध विराम के बारे में बातचीत कर रही है।

यह पहली बार है जब नाइजीरिया में जारी विद्रोह को खत्म करने के लिये सरकार बोको हराम से बातचीत कर रही है। उल्लेखनीय है कि अफ्रीका की शीर्ष अर्थव्यवस्थाओं में शामिल नाइजीरिया में लंबे समय से जारी विद्रोह में अब तक हजारों लोग मारे गये हैं। इसके अलावा इस विद्रोह ने नाइजीरिया के पूर्वोत्तर क्षेत्र को पूरी तरह से तबाह कर दिया है।

राष्ट्रपति मुहम्मदु बुहारी की सरकार लगातार यह कहती आई है कि वह बोको हराम के साथ बातचीत करने की इच्छुक है। गौरतलब है कि बोको हराम ने इस्लामिक राज्य के गठन की मांग को लेकर 2009 में विद्रोह की शुरुआत की थी। बोको हराम के इस विद्रोह ने पड़ोसी देश चाड, कैमरून और नाइजर में भी अपने पैर पसार लिये हैं।

 

 

Hindi News से जुडे अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें।