Elections: भाजपा ने 23 वार्डों में उम्मीदवारों का किया ऐलान, मेयर सौरभ जोशी पर फिर जताया भरोसा
देविन्द्र बबला सहित कई चर्चित चेहरे मैदान में, 7 महिलाओं को टिकट, 12 वार्डों पर फैसला बाकी
चंडीगढ़, सच कहूँ/अश्वनी चावला। Chandigarh News: चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव के लिए भाजपा ने अपनी पहली सूची जारी कर राजनीतिक मैदान में सक्रियता बढ़ा दी है। पार्टी ने 35 वार्डों में से 23 के लिए उम्मीदवारों के नाम घोषित किए हैं। इस सूची में मौजूदा मेयर सौरभ जोशी पर एक बार फिर विश्वास जताने के साथ ही चर्चित चेहरों में शामिल भाजपा के वरिष्ठ नेता देविन्द्र बबला को भी जगह दी गई है। इस सूची में 7 महिलाओं को टिकट देकर भाजपा ने उन्हें भी चुनाव मैदान में उतारा है। शुक्रवार को पार्टी की केन्द्रीय चुनाव समिति ने उम्मीदवारों के नामों को मंजूरी दी।
वार्ड नंबर 10 से देविन्द्र बबला और वार्ड नंबर 12 से मेयर सौरभ जोशी चुनाव लड़ेंगे। वार्ड नंबर 27 से गुरबख्श रावत को उम्मीदवार बनाया गया है। इन नामों के जरिए भाजपा ने अपने संगठन और पहले से सक्रिय नेताओं को चुनाव मैदान में आगे रखा है। इस बार चुनाव में पार्टी के लिए नगर निगम में अपना बहुमत बरकरार रखना अहम होगा। नगर निगम में इस समय भाजपा के पास बहुमत है। पांच साल बाद हो रहे इन चुनावों में विपक्षी पार्टियाँ भी अपनी राजनीतिक ताकत दिखाने की तैयारी में हैं।
भाजपा की पहली सूची जारी होने के बाद अब बाकी 12 वार्डों के उम्मीदवारों और टिकट से वंचित रह गए दावेदारों की भूमिका पर भी नजर रहेगी। चंडीगढ़ नगर निगम के 35 वार्डों के लिए 23 दिसम्बर को मतदान होगा और 26 दिसम्बर को मतगणना होगी। नामांकन भरने की प्रक्रिया 26 नवम्बर से शुरू हो चुकी है। नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तारीख 3 दिसम्बर है, जबकि 4 दिसम्बर को नामांकन पत्रों की जांच होगी। उम्मीदवार 7 दिसम्बर तक अपने नाम वापस ले सकेंगे।
भाजपा की ओर से घोषित उम्मीदवार
भाजपा की ओर से जारी पहली सूची के अनुसार वार्ड नंबर 1 से गुरविन्द्र सिंह, वार्ड नंबर 4 से रविन्द्र लोहाट, वार्ड नंबर 6 से जगतार सिंह ढिल्लों, वार्ड नंबर 7 से अरविंद सिंह, वार्ड नंबर 8 से किरण सिंह, वार्ड नंबर 10 से देविन्द्र बबला, वार्ड नंबर 11 से सुमिता कोहली, वार्ड नंबर 12 से सौरभ जोशी, वार्ड नंबर 13 से सुखजीवन कौर, वार्ड नंबर 16 से रोहित घबरी, वार्ड नंबर 17 से एडवोकेट मीनाक्षी सिंह, वार्ड नंबर 18 से राजेश कुमार गुप्ता (बिट्टू), वार्ड नंबर 20 से अभय झा, वार्ड नंबर 21 से सुनीता कौर, वार्ड नंबर 22 से दीपक शर्मा, वार्ड नंबर 24
से दीपक महाजन, वार्ड नंबर 26 से रेखा सूद, वार्ड नंबर 27 से गुरबख्श रावत, वार्ड नंबर 28 से अमित मिश्रा, वार्ड नंबर 29 से प्रिया वोहरोत्रा, वार्ड नंबर 33 से कंवरजीत सिंह राणा, वार्ड नंबर 34 से भूपेन्द्र शर्मा और वार्ड नंबर 35 से राजेन्द्र कुमार शर्मा को टिकट दिया गया है।
Comments