पेड़ काटने का विरोध करने पर ग्रामीण पर जानलेवा हमला, एक आरोपी गिरफ्तार
पेड़ काटने का विरोध करने पर ग्रामीण पर जानलेवा हमला, एक आरोपी गिरफ्तार
कैराना, सच कहूँ न्यूज़। Kairana News: ग्राम तितरवाड़ा में सरकारी पेड़ों को चोरी से काटने का विरोध करना एक ग्रामीण को भारी पड़ गया। विरोध करने पर आरोपियों ने ग्रामीण के साथ गाली-गलौज और मारपीट करते हुए उस पर जानलेवा हमला कर दिया था। मामले में कार्रवाई करते हुए कैराना पुलिस ने वांछित चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लोहे की धारदार खुरपली भी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, घटना 15 नवंबर 2026 की है। ग्राम तितरवाड़ा निवासी राजबीर ने ग्राम समाज की भूमि पर लगे सरकारी पेड़ों को चोरी से काटने का विरोध किया था। इसी बात से नाराज होकर गांव के ही राजेन्द्र, बिल्लू उर्फ विश्वास, सुभाष उर्फ भासी, जितेन्द्र उर्फ पप्पू, विशाल, कार्तिक, सागर, ओमबीर और अक्षय ने उसके साथ गाली-गलौज एवं मारपीट करते हुए जानलेवा हमला कर दिया था। हमले में राजबीर घायल हो गया था। पीड़ित की तहरीर पर कैराना थाने में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक शामली एनपी सिंह के निर्देश पर वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर
पुलिस अधीक्षक सुमित शुक्ला के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी कैराना के पर्यवेक्षण में कैराना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शुक्रवार को आरोपी सुभाष उर्फ भासी निवासी ग्राम तितरवाड़ा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक लोहे की धारदार खुरपली बरामद की है। गिरफ्तारी एवं बरामदगी के संबंध में पुलिस द्वारा अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। आरोपी को गिरफ्तार करने वाली टीम में उपनिरीक्षक पवन कुमार, कांस्टेबल सुधीर कुमार एवं कांस्टेबल अंकित कुमार शामिल रहे।
Comments