BJP Suspension News: अनंतनाग में भाजपा का बड़ा अनुशासनात्मक एक्शन, 9 पदाधिकारी तत्काल प्रभाव से निलंबित
अनंतनाग में अनधिकृत तिरंगा रैली निकालने का मामला
Anantnag BJP suspension: श्रीनगर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की अनंतनाग जिला इकाई ने संगठनात्मक अनुशासन का उल्लंघन करने के आरोप में नौ पदाधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की है। पार्टी ने बिना पूर्व अनुमति एक तिरंगा रैली आयोजित करने तथा उससे जुड़े विवादित घटनाक्रम को गंभीर मानते हुए संबंधित पदाधिकारियों को तत्काल प्रभाव से उनके दायित्वों से मुक्त कर दिया है। साथ ही उनकी प्राथमिक सदस्यता भी अगली जांच पूरी होने तक निलंबित कर दी गई है। BJP Suspension News
जिला अध्यक्ष राकेश कौल द्वारा जारी आदेश के अनुसार, यह रैली 5 अगस्त को खानबल क्षेत्र की हाउसिंग कॉलोनी में जिला संगठन और स्थानीय प्रशासन की स्वीकृति के बिना आयोजित की गई थी। आदेश में यह भी कहा गया कि कार्यक्रम के दौरान महिलाओं के संबंध में कथित रूप से की गई अनुचित टिप्पणियों को पार्टी ने गंभीरता से लिया है। संगठन का कहना है कि ऐसा व्यवहार पार्टी की मर्यादा, अनुशासन और मूल सिद्धांतों के अनुरूप नहीं है।
भाजपा के अनुसार यह निर्णय संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों और जिला कोर समिति के साथ विचार-विमर्श के बाद लिया गया। पार्टी ने स्पष्ट किया कि अनुशासन और संगठनात्मक प्रक्रिया का पालन प्रत्येक कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी के लिए अनिवार्य है तथा उल्लंघन की स्थिति में कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई की जद में आए पदाधिकारियों में जिला स्तर के विभिन्न पदों पर कार्यरत कई नेता और मोर्चों के पदाधिकारी शामिल हैं। पार्टी ने यह भी स्पष्ट किया कि जांच पूरी होने तक संबंधित नेताओं की संगठनात्मक गतिविधियों में भागीदारी पर रोक रहेगी। इसके अतिरिक्त, भाजपा जिला इकाई ने यह भी स्पष्ट किया कि कुछ व्यक्तियों का वर्तमान में पार्टी संगठन से कोई आधिकारिक संबंध नहीं है और वे किसी भी संगठनात्मक पद या जिम्मेदारी का निर्वहन नहीं कर रहे हैं।