दिल्ली मेट्रो को मिलेगी नई रफ्तार! मैजेंटा लाइन के विस्तार से 4 बड़े स्टेशनों पर मिलेगी 3 लाइनों की कनेक्टिविटी
केंद्रीय सचिवालय से इंद्रलोक तक बढ़ेगी मैजेंटा लाइन, 4 स्टेशन बनेंगे इंटरचेंज हब
नई दिल्ली: दिल्ली मेट्रो के मैजेंटा लाइन विस्तार से राजधानी की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को नई मजबूती मिलने वाली है। विस्तार का काम पूरा होने के बाद दिल्ली के चार प्रमुख मेट्रो स्टेशन केंद्रीय सचिवालय, नई दिल्ली, आजादपुर और इंद्रलोक तीन-तीन मेट्रो लाइनों के इंटरचेंज हब बन जाएंगे। इससे यात्रियों को एक लाइन से दूसरी लाइन पर जाने में आसानी होगी। खासतौर पर एयरपोर्ट आने-जाने वाले यात्रियों को इसका सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है। दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) के मुताबिक, मैजेंटा लाइन के विस्तार के बाद कई प्रमुख मेट्रो कॉरिडोर आपस में जुड़ जाएंगे। इससे दिल्ली के अलग-अलग इलाकों के बीच यात्रा करना पहले से अधिक सुविधाजनक होगा।
89 किलोमीटर लंबा होगा मैजेंटा लाइन का नेटवर्क
मैजेंटा लाइन का विस्तार पूरा होने के बाद बॉटेनिकल गार्डन से इंद्रलोक तक इसका कुल नेटवर्क करीब 89 किलोमीटर लंबा हो जाएगा। इस कॉरिडोर पर कुल 65 स्टेशन होंगे, जिनमें 40 स्टेशन भूमिगत होंगे।
विस्तार के लिए दो प्रमुख कॉरिडोर प्रस्तावित हैं। पहला कॉरिडोर रामकृष्ण आश्रम मार्ग से इंद्रप्रस्थ तक सेंट्रल विस्टा के रास्ते बनाया जाएगा। इसे फेज-वीए के तहत मंजूरी मिल चुकी है। वहीं, दूसरा कॉरिडोर इंद्रप्रस्थ से इंद्रलोक तक होगा। पहले इसे फेज-चार के तहत विकसित करने की योजना थी, लेकिन अब इसे मैजेंटा लाइन के विस्तार के रूप में आगे बढ़ाया जाएगा।
केंद्रीय सचिवालय और नई दिल्ली स्टेशन पर मिलेगी तीन लाइनों की सुविधा
मैजेंटा लाइन के विस्तार के बाद केंद्रीय सचिवालय और नई दिल्ली मेट्रो स्टेशन पर यात्रियों को तीन अलग-अलग लाइनों के बीच इंटरचेंज की सुविधा मिलेगी। केंद्रीय सचिवालय स्टेशन पर मैजेंटा लाइन का जुड़ाव मौजूदा येलो और वायलेट लाइन से होगा। वहीं, नई दिल्ली स्टेशन पर मैजेंटा लाइन येलो लाइन और एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन से जुड़ेगी। इन स्टेशनों पर यात्रियों की सुविधा के लिए भूमिगत रास्तों की व्यवस्था भी की जाएगी। इससे एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों को भी बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी और उन्हें अलग-अलग मेट्रो लाइनों के बीच आसानी से ट्रेन बदलने का विकल्प मिलेगा।
आजादपुर और इंद्रलोक भी बनेंगे ट्रिपल इंटरचेंज हब
मैजेंटा लाइन के विस्तार के बाद आजादपुर और इंद्रलोक स्टेशन भी तीन मेट्रो लाइनों के इंटरचेंज हब बन जाएंगे। इस तरह राजधानी में ट्रिपल इंटरचेंज की सुविधा वाले प्रमुख स्टेशनों की संख्या बढ़ जाएगी।
फिलहाल कश्मीरी गेट मेट्रो स्टेशन पर रेड, येलो और वायलेट लाइन के बीच इंटरचेंज की सुविधा उपलब्ध है। नए कॉरिडोर के शुरू होने से यात्रियों को ऐसे और विकल्प मिलेंगे। इसके अलावा मैजेंटा लाइन के विस्तार से जुड़े 17 अन्य स्टेशनों पर भी इंटरचेंज की सुविधा प्रस्तावित है। इनमें कलिंदी कुंज, चिराग दिल्ली, आईजीआई एयरपोर्ट टर्मिनल-1, पीरागढ़ी, पीतमपुरा (मधुबन चौक), हैदरपुर बादली मोड़, मजलिस पार्क, पुल बंगश, नबी करीम, शिवाजी स्टेडियम और दिल्ली गेट जैसे प्रमुख स्टेशन शामिल हैं।
हैदरपुर बादली मोड़ पर सबसे ऊंचा रेल स्तर, हौज खास सबसे गहरा स्टेशन
मैजेंटा लाइन के विस्तार में इंजीनियरिंग की कई खास विशेषताएं भी देखने को मिलेंगी। हैदरपुर बादली मोड़ स्टेशन के एक पियर पर रेल स्तर की ऊंचाई करीब 28.36 मीटर होगी। वहीं, हौज खास मेट्रो स्टेशन करीब 29 मीटर की गहराई पर स्थित है। इसे दिल्ली मेट्रो का सबसे गहरा भूमिगत स्टेशन माना जाता है। यह स्टेशन मेट्रो नेटवर्क की महत्वपूर्ण इंजीनियरिंग उपलब्धियों में शामिल है।
दिल्ली-एनसीआर में 416 किलोमीटर का मेट्रो नेटवर्क
DMRC के मुताबिक, वर्तमान में दिल्ली-एनसीआर में मेट्रो नेटवर्क की कुल लंबाई करीब 416 किलोमीटर है। इस नेटवर्क में कुल 303 स्टेशन शामिल हैं। मैजेंटा लाइन का प्रस्तावित विस्तार पूरा होने के बाद दिल्ली मेट्रो का नेटवर्क और व्यापक हो जाएगा। इससे न केवल राजधानी के अलग-अलग हिस्सों के बीच कनेक्टिविटी बेहतर होगी, बल्कि यात्रियों को कम परेशानी के साथ एक मेट्रो लाइन से दूसरी लाइन पर पहुंचने की सुविधा भी मिलेगी।
Comments