Duleep Trophy: ईशान किशन ने लगाई रिकॉर्ड्स की झड़ी, ईस्ट जोन ने बनाए 626 रन

250 रनों की यादगार पारी खेलकर रचा इतिहास

Published On

Duleep Trophy: चेन्नई (सच कहूँ/एजेंसी)। दलीप ट्रॉफी 2026 के फाइनल में ईस्ट जोन के कप्तान ईशान किशन ने बल्ले से शानदार प्रदर्शन करते हुए रिकॉर्डबुक में अपना नाम दर्ज करा लिया। चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में साउथ जोन के खिलाफ खेले जा रहे खिताबी मुकाबले के दूसरे दिन ईशान ने 250 रनों की बेहतरीन पारी खेली।

ईशान ने अपना दोहरा शतक 270 गेंदों में पूरा किया। रिटायर्ड हर्ट होकर मैदान से बाहर जाने से पहले उन्होंने 301 गेंदों का सामना किया और 27 चौकों तथा सात छक्कों की मदद से 250 रन बनाए। उनकी इस पारी ने ईस्ट जोन को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। ईशान किशन दलीप ट्रॉफी के फाइनल में ईस्ट जोन की ओर से दोहरा शतक लगाने वाले तीसरे बल्लेबाज बने। उनसे पहले अरुण लाल और सबा करीम यह उपलब्धि हासिल कर चुके हैं।

हालांकि, फाइनल मुकाबले में ईस्ट जोन की ओर से सबसे बड़ी पारी खेलने का रिकॉर्ड अब ईशान के नाम हो गया है। इससे पहले यह रिकॉर्ड ऋद्धिमान साहा के नाम था, जिन्होंने 2012 के फाइनल में 170 रन बनाए थे।

विकेटकीपर बल्लेबाजों में भी बनाया रिकॉर्ड

ईशान ने दलीप ट्रॉफी के फाइनल में किसी विकेटकीपर बल्लेबाज द्वारा खेली गई सबसे बड़ी पारी का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया। इससे पहले यह उपलब्धि दिनेश कार्तिक के नाम थी। कार्तिक ने 2010 के फाइनल में साउथ जोन की ओर से खेलते हुए 183 रन बनाए थे। इसके अलावा ईशान दलीप ट्रॉफी के फाइनल में दोहरा शतक लगाने वाले पहले विकेटकीपर कप्तान बन गए हैं। वह वनडे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट और दलीप ट्रॉफी में दोहरा शतक लगाने वाले पहले बल्लेबाज भी बन गए हैं।

ईशान किशन ने कुमार कुशाग्र के साथ मिलकर पांचवें विकेट के लिए 230 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी की। कुशाग्र ने भी शानदार बल्लेबाजी करते हुए 132 गेंदों पर 101 रन बनाए। उनकी पारी में आठ चौके और पांच छक्के शामिल रहे। टी-ब्रेक तक ईस्ट जोन ने पहली पारी में छह विकेट खोकर 626 रन बना लिए थे। टीम की ओर से शिखर मोहन ने 85, अभिमन्यु ईश्वरन ने 72 और वैभव सूर्यवंशी ने 44 रनों का योगदान दिया। ईशान की बड़ी पारी और मध्यक्रम के उपयोगी प्रदर्शन ने ईस्ट जोन को फाइनल में मजबूत बढ़त की ओर बढ़ा दिया है।

About The Author

Related Posts