हिन्द महासागर में सहयोग बढ़ाने के लिए भारत बनाएगा दो उत्कृष्टता केंद्र, 5 लाख डॉलर की मदद भी देगा

हिन्द महासागर में सहयोग बढ़ाने के लिए भारत बनाएगा दो उत्कृष्टता केंद्र, 5 लाख डॉलर की मदद भी देगा

Published On

नई दिल्ली। भारत ने हिन्द महासागर रिम एसोसिएशन (आईओआरए) की संस्थागत और वित्तीय क्षमता मजबूत करने के लिए पांच लाख अमेरिकी डॉलर की सहायता देने तथा हिन्द महासागर क्षेत्र में समुद्री विज्ञान और समुद्री कानून के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने के लिए दो उत्कृष्टता केंद्र स्थापित करने की घोषणा की है।

विदेश मंत्रालय ने बताया कि शुक्रवार को भारत की अध्यक्षता में यहां हुई आईओआरए की 25वीं मंत्रिपरिषद बैठक में भारत के इन प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में संगठन के 23 सदस्य देशों और 12 संवाद साझेदारों के विदेश मंत्रियों तथा प्रतिनिधिमंडलों के प्रमुखों ने हिस्सा लिया। इसमें संगठन की विशेष एजेंसियों और पर्यवेक्षकों के प्रतिनिधि भी शामिल हुए।

बैठक में हिन्द महासागर क्षेत्र से जुड़े क्षेत्रीय और वैश्विक घटनाक्रमों पर चर्चा हुई। सदस्य देशों ने आपसी हित के क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने और वर्ष 2028 से 2032 के लिए संगठन की आगामी कार्ययोजना पर विचार किया। संवाद साझेदारों के साथ सहयोग के संभावित क्षेत्रों पर भी चर्चा की गई। बैठक में मंजूर भारत के प्रस्तावों के तहत गोवा स्थित वैज्ञानिक तथा औद्योगिक अनुसंधान परिषद के राष्ट्रीय समुद्र विज्ञान संस्थान में आईओआरए डिजिटल नवाचार केंद्र स्थापित किया जाएगा। यह केंद्र समुद्र विज्ञान पर ध्यान देगा। वहीं, गुजरात स्थित राष्ट्रीय रक्षा विश्वविद्यालय में समुद्री कानून के लिए उत्कृष्टता केंद्र बनाया जाएगा।

भारत की अध्यक्षता वर्ष 2025 से 2027 तक के लिए है। इसकी विषयवस्तु 'हिंद महासागर क्षेत्र में नवाचार, खुलापन, मजबूती और बदलती परिस्थितियों के अनुसार ढलने की क्षमता' है। मंत्रिस्तरीय बैठक से पहले 25 और 26 नवंबर को वरिष्ठ अधिकारियों की समिति की 29वीं बैठक हुई। इसमें संगठन से जुड़े संस्थागत, वित्तीय और प्रशासनिक मामलों की समीक्षा की गई। वहीं, 26 नवंबर को गुरुग्राम स्थित सूचना समेकन केंद्र- हिन्द महासागर क्षेत्र ने समुद्री सूचनाओं के आदान-प्रदान और परिचालन समन्वय पर एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की।

बैठक का समापन 'दिल्ली घोषणा-पत्र 2026' को स्वीकार करने के साथ हुआ। इसमें सदस्य देशों ने शांतिपूर्ण, स्थिर और समृद्ध हिंद महासागर क्षेत्र के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts