मायावती ने महिला आरक्षण के फैसले का किया स्वागत, SC-ST महिलाओं के लिए अलग आरक्षण की उठाई मांग

महिला आरक्षण पर मायावती का समर्थन, SC-ST महिलाओं के लिए अलग कोटे की उठाई मांग

Published On

लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) प्रमुख मायावती ने लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने के केंद्र सरकार के फैसले का स्वागत किया है। हालांकि, उन्होंने इस व्यवस्था के तहत अनुसूचित जाति (SC) और अनुसूचित जनजाति (ST) की महिलाओं के लिए अलग से आरक्षण का प्रावधान करने की मांग भी उठाई है।

मायावती ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि बसपा शुरू से ही महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और राजनीति में उन्हें उचित अवसर दिलाने की पक्षधर रही है। पार्टी लगातार लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण जल्द लागू करने की मांग करती रही है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के इस फैसले का बसपा स्वागत करती है।

बसपा प्रमुख ने कहा कि यह फैसला और भी ऐतिहासिक होता, यदि सदियों से शोषित, पीड़ित और उपेक्षित रही एससी तथा एसटी समाज की महिलाओं के लिए इसमें अलग आरक्षण की व्यवस्था भी की जाती। इससे इन वर्गों की महिलाओं को चुनावी राजनीति में अधिक प्रतिनिधित्व और आगे बढ़ने का अवसर मिल सकता था। उन्होंने केंद्र सरकार से इस मांग पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने की अपील की।

परिसीमन को लेकर राजनीतिक स्वार्थ का आरोप

मायावती ने लोकसभा और राज्यों की विधानसभाओं में मौजूदा सीटों की संख्या में 50 प्रतिशत वृद्धि से जुड़े तीन विधेयकों और परिसीमन प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि परिसीमन के दौरान सीटों की सीमा तय करने में गड़बड़ी कर राजनीतिक एवं चुनावी स्वार्थ साधने के आरोप कोई नई बात नहीं हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र की सत्ता में रहने वाली पार्टियां कई बार देश और जनहित की बजाय अपने पार्टी हित और राजनीतिक स्वार्थ को अधिक महत्व देती हैं।

जनता से अच्छे उम्मीदवार चुनने की अपील

मायावती ने देश की जनता से धर्म, जाति और क्षेत्रीयता से ऊपर उठकर अच्छे उम्मीदवारों को चुनने का संकल्प लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि मतदाताओं को लुभावने वादों, दावों और घोषणाओं के छलावे में नहीं आना चाहिए।

उन्होंने कहा कि अच्छे लोगों को चुनना ही देश के लोकतंत्र और संविधान की सुरक्षा, सम्मान तथा मजबूती की असली गारंटी है। मायावती ने कहा कि बसपा इस दिशा में काम करने के लिए तत्पर है।

About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts