जमीन बेचने के नाम पर 80 लाख रुपए ठगी मामले में 5वां आरोपी काबू 

फर्जी जमीन सौदे में आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने लिया 3 दिन का रिमांड

Sarvesh Kumar Picture
Published On

कैथल (सच कहूँ न्यूज)। Kaithal News: जमीन बेचने के नाम पर 80 लाख ठगी मामले में इकनॉमिक सैल द्वारा एक आरोपी को काबू करके 3 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। आरोपी की पहचान समाना पंजाब निवासी जोगिंद्र सिंह के रुप में हुई है। मामले में 4 आरोपी पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं। आरोपी जोगिंद्र द्वारा डीलर कर्मजीत, सिमरनजीत व अन्य के साथ मिलकर यह षड्यंत्र रचा गया था। व्यापक पूछताछ के लिए आरोपी का अदालत से 3 दिन पुलिस रिमांड हासिल किया गया है।

गांव डयोढखेड़ी निवासी शीशपाल व जोगिंद्र की शिकायत अनुसार वह दोनों भूमि खरीदना चाहते थे। जो डीलर का काम करने वाले खेड़ी निगरा पटियाला पंजाब निवासी कर्मजीत, समाना पंजाब निवासी जोगिंद्र सिंह व अंग्रेज सिंह उनसे मिले व कई गांव में जमीन दिखाई। उन्होंने उन्हें गांव शादीपुर तहसील गुहला में 50 कनाल 15 मरले भूमि दिखाई। जो भूमि उन्हें पसंद आ गई। डीलरों द्वारा उन्हे जमीन के मालिक कहकर गांव पलौंदिया जिला पटियाला पंजाब निवासी अमरजीत सिंह व कमलजीत सिंह से मिलवाया और कहा कि यह जमीन इनकी है। 37 लाख 75 हजार रुपए प्रति एकड़ के हिसाब से उनका सौदा तय हो गया। 

रुपए लेकर रजिस्ट्री करवाने के लिए नहीं आए आरोपी

12 मार्च को 60 लाख रुपए बयाना देकर इकरारनामा करवा दिया गया। 21 अप्रैल को उन्होने 20 लाख रुपए और दे दिए। तथा रजिस्ट्री की तारीख 22 मई तय हुई। 22 मई को वह रजिस्ट्री करवाने के लिए तहसील गुहला गए परंतु आरोपीगण वहां नहीं पहुंचे। उन्होंने गांव शादीपुर पहुंचकर पता किया तो उन्हें पता चला कि आरोपीगण ने षड्यंत्र रचकर यह धोखाधड़ी की है। उनसे अमरजीत, कमलजीत कहकर मिलवाए गए व्यक्ति भी असल में इस नाम के व्यक्ति नहीं है। जिस धोखाधड़ी बारे थाना गुहला में मामला दर्ज किया गया। 

 

Kaithal News
Kaithal News: धोखाधड़ी के मामले का आरोपी पुलिस गिरफ्त में।

 

About The Author

Related Posts