Farmer News: 4499 किसानों को नहीं मिले धान खरीद के पैसे, अभी भी 48 हजार मीट्रिक टन उठान बाकी
जिले में 18,199 किसानों की 1.65 लाख मीट्रिक टन धान खरीदी
सरसा (सच कहूँ/सुनील वर्मा)। मंडियों में धान की खरीद के बाद अब किसानों की नजर भुगतान और उठान पर टिकी है। जिले में 18,199 किसानों की 1.65 लाख मीट्रिक टन धान खरीदी जा चुकी है, लेकिन इनमें से 4,499 किसानों को अभी भुगतान नहीं मिला है। वहीं 13,700 किसानों के खातों में 258 करोड़ रुपये पहुंच चुके हैं।
दूसरी ओर मंडियों में धान का उठान भी पूरी तरह रफ्तार नहीं पकड़ पाया है। अब तक खरीदी गई धान में से 48,106.50 मीट्रिक टन का उठान बाकी है। वीरवार तक जिले की 36 मंडियों में 30,921 किसान 2.52 लाख मीट्रिक टन धान लेकर पहुंच चुके हैं। इनमें से 20,294 किसानों की 1.85 लाख मीट्रिक टन धान की नीलामी हो चुकी है, जबकि 67,417.47 मीट्रिक टन धान की नीलामी अभी बाकी है। ऐसे में मंडियों में पहुंच रही फसल के मुकाबले खरीद और उठान की प्रक्रिया को गति देना बड़ी चुनौती बना हुआ है।
1.16 लाख मीट्रिक टन धान का उठान, 4124 गेटपास कटे
अब तक खरीदी गई धान के उठान के लिए 4,124 गेटपास काटे जा चुके हैं। इनके माध्यम से 1.16 लाख मीट्रिक टन धान का उठान हुआ है। हालांकि उठान की रफ्तार पहले से बेहतर हुई है, लेकिन अभी भी 48,106.50 मीट्रिक टन धान मंडियों से उठाया जाना बाकी है।
उठान के बाद ही भुगतान की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी
धान खरीद के बाद किसानों के लिए सबसे बड़ी चिंता भुगतान की है। नियमों के अनुसार उठान की प्रक्रिया पूरी होने के बाद भुगतान की प्रक्रिया आगे बढ़ती है। ऐसे में जब तक मंडियों से खरीदी गई धान का उठान नहीं होगा, तब तक किसानों को भुगतान के लिए इंतजार करना पड़ रहा है। किसानों की मांग है कि उठान में तेजी लाई जाए, ताकि फसल बेचने के बाद उन्हें समय पर भुगतान मिल सके।
धान खरीद में हैफेड सबसे आगे, 10 हजार किसानों से 91 हजार मीट्रिक टन से अधिक खरीद
धान खरीद में हैफेड सबसे आगे चल रही है। एजेंसी ने अब तक 10,013 किसानों से 91,334.653 मीट्रिक टन धान की खरीद की है। वहीं खाद्य एवं आपूर्ति विभाग 6,299 किसानों से 58,575.843 मीट्रिक टन धान खरीदकर दूसरे स्थान पर है। हरियाणा वेयरहाउस कॉरपोरेशन ने अब तक 3,982 किसानों से 35,111.835 मीट्रिक टन धान की खरीद की है।
Comments