Punjab
जाखल के बैंकों में कैश की कमी से किसान और व्यापारी परेशान
खातों में पैसा होने पर भी नहीं मिल रहा कैश
जाखल (सच कहूँ/तरसेम सिंह)। Jakhal News: जाखल क्षेत्र में सरकारी और निजी बैंकों में पिछले कई दिनों से कैश का गंभीर संकट बना हुआ है। इसके कारण किसान, व्यापारी, मजदूर और आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
बैंक शाखाओं में कैश की कमी के चलते लोग अपनी आवश्यकतानुसार राशि नहीं निकाल पा रहे हैं। इससे उनकी रोजमर्रा की लेनदेन और व्यापारिक गतिविधियां बुरी तरह प्रभावित हो रही हैं। किसान नेता जग्गी महल ने बताया कि मंगलवार को वे जाखल स्थित भारतीय स्टेट बैंक से अपनी एक लाख रुपए की लिमिट निकलवाने गए थे।
पर्याप्त कैश न मिलने से किसान परेशान
बैंक द्वारा उन्हें केवल 20 हजार रुपए ही दिए गए। महल ने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि इतनी कम राशि से किसान अपने खर्च कैसे पूरे करेंगे। किसानों को फसल के भुगतान से जुड़े लेनदेन निपटाने हैं, लेकिन पर्याप्त कैश न मिलने से वे परेशान हैं। उन्हें खेती से जुड़े भुगतान, मजदूरी, खाद-बीज और परिवहन जैसे जरूरी खर्चों के लिए कैश की आवश्यकता है।
बैंक में कैश की कमी चल रही- मैनेजर
इस संबंध में जाखल भारतीय स्टेट बैंक के मैनेजर सरबजीत सिंह ने बताया कि बैंक में कैश की कमी चल रही है। उन्होंने बताया कि उच्च अधिकारियों को लगातार स्थिति से अवगत कराया जा रहा है, लेकिन अभी तक पर्याप्त कैश उपलब्ध नहीं हो पाया है। मैनेजर सिंह के अनुसार, सीमित कैश आने के कारण सभी ग्राहकों को पूरी राशि देना संभव नहीं हो पा रहा है।
हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि छोटी राशि निकालने वाले किसी भी उपभोक्ता को परेशानी नहीं आने दी जा रही है। क्षेत्र के किसान और व्यापारी सरकार और बैंक प्रशासन से जल्द से जल्द बैंकों में पर्याप्त कैश उपलब्ध कराने की मांग कर रहे हैं, ताकि आर्थिक गतिविधियां सुचारु रूप से चल सकें।