Cylinder Supply Issue: सरसा में बढ़ा गैस संकट! लंबी कतारों में उपभोक्ता कर रहे घंटों इंतजार!

Published On

ऑनलाइन भुगतान के बावजूद नहीं मिल रहे सिलेंडर

Cylinder Supply Issue: सरसा (सच कहूँ न्यूज)। डिजिटल इंडिया के दावों के बीच सरसा में रसोई गैस वितरण व्यवस्था की पोल खुलती नजर आ रही है। ऑनलाइन भुगतान करने वाले उपभोक्ता जहां सिलेंडर के लिए दर-दर भटक रहे हैं, वहीं एजेंसियों पर कैश देने वालों को प्राथमिकता दिए जाने के आरोप लग रहे हैं। मंगलवार को शहर की बड़ी गैस एजेंसियों पर सुबह से ही लंबी कतारें लगी रहीं। उपभोक्ताओं को 4-5 घंटे तक धूप में खड़े रहना पड़ा, लेकिन पेयजल, छाया और महिलाओं के लिए अलग लाइन जैसी बुनियादी सुविधाएं तक उपलब्ध नहीं थीं। Sirsa News

एजेंसियों पर कैश वालों को प्राथमिकता व अव्यवस्थाओं के आरोप

हालांकि डीएफएससी ने सोमवार शाम को गैस एजेंसी संचालकों की बैठक लेकर पुरुषों व महिलाओं की लाइनें अलग-अलग करने व उपभोक्ताओं के लिए पेयजल, धूप से बचाव के लिए शैड लगाने व छांव की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए थे। लेकिन एजेंसी संचालकों ने उपभोक्ताओं के लिए कोई प्रबंध नहीं किए। उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया कि बिना ओटीपी के सिलेंडर बुक हो रहे हैं और डिलीवरी के मैसेज भी भेजे जा रहे हैं, जबकि गैस घर तक नहीं पहुंच रही।

एजेंसी में पूछताछ करने पर रिकॉर्ड तक नहीं मिलता। गांवों में पिछले 10 दिनों से सप्लाई ठप होने के कारण स्थिति और बिगड़ गई है। ग्रामीण सुबह 5 बजे से लाइनों में लगने को मजबूर हैं। आॅनलाइन भुगतान करने वाले उपभोक्ताओं का कहना है कि उनके खातों से पैसे कट चुके हैं, लेकिन 10-13 दिन बाद भी सिलेंडर नहीं मिला। उपभोक्ताओं ने चेतावनी दी है कि जल्द व्यवस्था दुरुस्त नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा।

गैस एजेंसियों को सख्त निर्देश, कालाबाजारी पर रहेगी नजर | Sirsa News

जिला खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले नियंत्रक द्वारा जिले की सभी गैस एजेंसियों के मालिकों व प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में घरेलू गैस सिलेंडरों की सप्लाई को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। एजेंसी संचालकों ने भरोसा दिलाया कि जिले में गैस की कोई कमी नहीं है और सप्लाई सुचारू रूप से जारी है। जिला नियंत्रक ने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी हाल में गैस की कमी नहीं होनी चाहिए और कालाबाजारी व दुरुपयोग पर सख्ती से रोक लगाई जाए। इसके लिए केंद्र स्तर पर टीमें गठित की गई हैं। एजेंसियों को केवाईसी के लिए अलग काउंटर, उपभोक्ताओं के लिए सुव्यवस्थित लाइन और शिष्ट व्यवहार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही निर्धारित मूल्य से अधिक राशि वसूलने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। अधिकारियों ने कहा कि गैस डिलीवरी ओटीपी के आधार पर ही की जाएगी।

पीएनजी उपभोक्ताओं के लिए नए नियम लागू

सरकार ने एलपीजी व पीएनजी की उपलब्धता को लेकर नए निर्देश जारी किए हैं। जिन उपभोक्ताओं के पास पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) कनेक्शन है, उन्हें एलपीजी कनेक्शन सरेंडर करना होगा। जहां पीएनजी सुविधा उपलब्ध है, वहां इसका उपयोग अनिवार्य किया गया है। यदि कोई उपभोक्ता पीएनजी लेने से मना करता है तो उसका एलपीजी कनेक्शन निलंबित किया जा सकता है। जिन क्षेत्रों में सिटी गैस कंपनियों द्वारा मीटर लगाए जा चुके हैं, वहां तुरंत प्रभाव से एलपीजी सप्लाई बंद करने के निर्देश दिए गए हैं। आमजन से अपील की गई है कि अफवाहों पर ध्यान न दें। Sirsa News

About The Author

Related Posts