Income Tax Raids: सरसा में कारोबारियों के ठिकानों पर आयकर विभाग की रेड से मचा हड़कंप

वित्तीय लेनदेन, बैंकिंग रिकॉर्ड, इलेक्ट्रॉनिक डाटा और अन्य दस्तावेजों की गहन जांच

Manmohan Picture
Published On

Income Tax Raids: सरसा (सच कहूँ न्यूज)। जीएसटी अनियमितताओं और फर्जी फर्मों से जुड़े मामलों में आयकर विभाग ने वीरवार को शहर के चार कारोबारियों के ठिकानों पर एक साथ छापेमारी कर जांच की। सुबह शुरू हुई कार्रवाई देर शाम तक जारी रही। विभाग की अलग-अलग टीमों ने कारोबारियों के घरों और प्रतिष्ठानों पर पहुंचकर वित्तीय लेनदेन, बैंकिंग रिकॉर्ड, इलेक्ट्रॉनिक डाटा और अन्य दस्तावेजों की गहन जांच की। कार्रवाई के दौरान सुरक्षा के मद्देनजर सीआईएसएफ के जवान भी तैनात रहे। Sirsa News

जानकारी के अनुसार भादरा बाजार स्थित चीनी कारोबारी सुभाष गोयल शेरपुरा के निवास पर विभागीय टीम ने छानबीन की। वहीं नोहरिया बाजार की मस्जिद वाली गली में कारोबारी ललित के घर पर भी जांच की गई। सूत्रों के मुताबिक विभाग को जीएसटी चोरी और वित्तीय अनियमितताओं से जुड़े कुछ अहम दस्तावेजों की सूचना मिली थी, जिसके आधार पर यह कार्रवाई की गई। इसके अलावा कल्याण नगर गली नंबर-5 स्थित कारोबारी सुशील साहुवाला के आवास पर भी आयकर विभाग की टीम ने जांच की।

बताया जा रहा है कि संबंधित कारोबारियों का दिल्ली में भी व्यापारिक नेटवर्क रहा है और वहां पहले से जीएसटी अनियमितताओं से जुड़े मामलों की जांच चल रही है। उसी कड़ी में अब सरसा में भी दस्तावेजों और लेनदेन की पड़ताल की जा रही है। उधर एचएसवीपी सेक्टर स्थित तांबा कारोबारी अनिल अग्रवाल के ठिकाने पर भी विभाग ने रेड की। बताया जा रहा है कि उनकी दिल्ली में फैक्ट्री संचालित है और विभाग उससे जुड़े वित्तीय रिकॉर्ड की भी जांच कर रहा है।

सूत्रों के अनुसार विभागीय अधिकारी इलेक्ट्रॉनिक डाटा, बैंक खातों के लेनदेन और व्यापारिक दस्तावेजों की जांच में जुटे रहे। कार्रवाई के दौरान दिल्ली नंबर की गाड़ियों में पहुंची टीमों ने संबंधित परिसरों में बाहरी लोगों की एंट्री पूरी तरह बंद रखी। जांच पूरी होने तक किसी को भी अंदर जाने की अनुमति नहीं दी गई। गौरतलब है कि इससे पहले भी भादरा बाजार स्थित शेरपुरा ज्वैलर्स पर इसी प्रकार विभागीय जांच हो चुकी है, हालांकि उस समय भी विभाग की ओर से कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई थी। Sirsa News

About The Author

Related Posts