Punjab
273 वोटों से जीतीं मनजीत कौर, धमोड़ा थेड़ी की बनी नई सरपंच
समर्थकों में खुशी की लहर
रानियां (सच कहूँ/सुनील कुमार-राजेंद्र गाबा)। ग्राम पंचायत धमोड़ा थेड़ी के सरपंच पद के लिए रविवार को हुए उपचुनाव में मनजीत कौर ने शानदार जीत दर्ज की। उन्होंने अपनी प्रतिद्वंद्वी मनदीप कौर को 273 वोटों से हराकर सरपंच पद पर कब्जा जमाया। चुनाव परिणाम घोषित होते ही समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई और ढोल-नगाड़ों के साथ जीत का जश्न मनाया गया। गांव के राजकीय विद्यालय में बनाए गए बूथ नंबर 123 और 124 पर सुबह से मतदान प्रक्रिया शुरू हुई, जो शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई।
चुनाव मैदान में मनदीप कौर पत्नी गुरदेव सिंह निवासी धमोड़ा थेड़ी तथा मनजीत कौर पत्नी सनी निवासी 8 भुर्जी (धमोड़ा थेड़ी) आमने-सामने थीं। चुनाव अधिकारी सुभाष चंद्र ने बताया कि कुल 1132 मतदाताओं में से 753 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान प्रतिशत करीब 67 रहा। मतगणना के बाद मनजीत कौर को 511 वोट मिले, जबकि मनदीप कौर के पक्ष में 238 वोट पड़े। इस तरह मनजीत कौर ने 273 वोटों के अंतर से जीत हासिल की। उन्होंने बताया कि चुनाव प्रक्रिया पूरी तरह शांतिपूर्ण रही और प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।
पुलिस निगरानी में मतदान से लेकर मतगणना तक की प्रक्रिया संपन्न करवाई गई। ग्रामीण सुखदेव सिंह ने बताया कि इस उपचुनाव में गांव के युवाओं की अहम भूमिका रही। युवाओं ने गांव के विकास, महिलाओं की सुरक्षा और बुनियादी सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए मतदान किया। चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद मनजीत कौर के समर्थकों ने ढोल-नगाड़ों के साथ जीत का जश्न मनाया। दोनों उम्मीदवारों ने एक-दूसरे को गले लगाकर लोकतांत्रिक परंपरा का परिचय दिया।
वहीं ग्रामीणों ने नव निर्वाचित सरपंच को बधाई देकर स्वागत किया। नव निर्वाचित सरपंच मनजीत कौर ने ग्रामीणों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि गांव का विकास, बुनियादी सुविधाएं और महिलाओं की सुरक्षा उनकी प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों ने जिस विश्वास के साथ उन्हें सरपंच चुना है, वह उस भरोसे पर पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ खरा उतरने का प्रयास करेंगी।