हरियाणा ने दिखा दिया कि क्या है और क्या कर सकता है : राहुल गांधी

Published On

भूपेन्द्र सिंह हुड्डा ने यात्रा की सफलता का श्रेय प्रदेश की जनता के स्नेह व समर्थन को दिया

अंबाला (सच कहूँ न्यूज)। हरियाणा में शानदार सफलता के साथ दूसरा चरण पूरा कर राहुल गांधी के नेतृत्व में चल रही भारत जोड़ो यात्रा मंगलवार को अंबाला से पंजाब की तरफ आगे बढ़ गई। हरियाणा में 8 दिनों में 7 जिले कवर करते हुए 255 किलोमीटर यात्रा हुई। राहुल गांधी ने पहले चरण के आखिर में फरीदाबाद की रैली को संबोधित करते हुए कहा था कि हरियाणे का तो कोई जवाब ही नहीं। अब दूसरे चरण की समाप्ति पर अंबाला के मोहड़ा में कहा कि ‘‘हरियाणा ने दिखा दिया कि वो क्या है और क्या कर सकता है।’’

यह भी पढ़ें:– फ़ेक इंडियन करेंसी छापने वाली फ़ैक्ट्री का भण्डाफोड़

उनकी बात से स्पष्ट है कि राहुल गांधी यहाँ मिले जनसमर्थन से कितने प्रभावित हुए। पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए नेता प्रतिपक्ष चौ. भूपेन्द्र सिंह हुड्डा ने कहा कि पानीपत की ऐतिहासिक भारत जोड़ो रैली और भारत जोड़ो यात्रा ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं में जोश भर दिया है। भीषण ठंड और कोहरे के बावजूद जिस तरह भारी तादाद में किसान, मजदूर, युवा, महिलाएं, बुजुर्ग बच्चे व्यापारी, कर्मचारी हर वर्ग उमंग के साथ अपने घरों से निकल कर महंगाई, बेरोजगारी और समाज में फैलाए जा रहे डर और नफरत के माहौल को खत्म करने के लिए समर्थन देने आए। उससे स्पष्ट है कि यह यात्रा अब जन-आन्दोलन बन चुकी है।

भूपेन्द्र सिंह हुड्डा ने हरियाणा में यात्रा की सफलता का पूरा श्रेय हरियाणा की जनता के स्नेह व समर्थन को दिया और प्रदेश कांग्रेस के नेताओं व कार्यकतार्ओं का धन्यवाद किया जो रात-दिन एक कर तैयारियों में लगे रहे। उन्होंने कहा राहुल गांधी की यह यात्रा देश को मजबूत बनाने के लिए इतिहास में लिखी जायेगी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष उदयभान ने कहा कि राहुल गांधी ने किसानों से, जवानों से और पहलवान यानी खिलाड़ियों से अलग-अलग मुलाकातें की और उनकी समस्याओं को सुना। पत्रकार वार्ता में प्रमुख रूप से कांग्रेस संचार प्रभारी जयराम रमेश, नेता प्रतिपक्ष चौ. भूपेंद्र सिंह हुड्डा, हरियाणा कांग्रेस प्रभारी शक्ति सिंह गोहिल, हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष चौ. उदयभान, भारत जोड़ो यात्रा के संयोजक राव दान सिंह समेत कांग्रेस विधायकगण व पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और TwitterInstagramLinkedIn , YouTube  पर फॉलो करें।

About The Author

Related Posts